{"_id":"6ac25f75418a8fb48a0d0ffd","slug":"youth-from-sagar-missing-in-vrindavan-since-sept-12-family-searches-desperately-sagar-news-c-1-1-noi1338-4797594-2026-10-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"एमपी: प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने वृंदावन गया सागर का युवक 12 सितंबर से लापता; यहां-वहां भटक रहे परिजन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एमपी: प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने वृंदावन गया सागर का युवक 12 सितंबर से लापता; यहां-वहां भटक रहे परिजन
Sun, 04 Oct 2026 09:58 PM IST
सागर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर
Published by: सागर ब्यूरो
Updated Sun, 04 Oct 2026 09:58 PM IST
सार
सागर जिले का साकेत नामदेव 1 सितंबर को प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दर्शन और सेवा के लिए वृंदावन पहुंचा था। 12 सितंबर तक परिजनों से मोबाइल पर बातचीत हुई, फिर फोन बंद हो गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खुद पोस्टर लगाए और युवक की तलाश की मांग की।
विज्ञापन
तस्वीर लेकर बेटे की तलाश करते परिजन, दूसरी तस्वीर में लापता हुआ युवक
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक नगरी वृंदावन से एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। वृंदावन के लोकप्रिय संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन और आश्रम जाने के लिए घर से निकला मध्य प्रदेश के सागर जिले का एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की सुस्त कार्यशैली के चलते परिजनों को खुद ही पोस्टर चस्पा कर भटकना पड़ रहा है।
विज्ञापन
एक सितंबर को पहुंचा था वृंदावन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सागर जिले के जरुआखेड़ा के पास स्थित जलंधर गांव के रहने वाले साकेत नामदेव (पुत्र रामगोपाल नामदेव) 1 सितंबर को वृंदावन पहुंचे थे। साकेत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में सेवा और दर्शन के उद्देश्य से गए थे। परिजनों ने बताया कि 12 सितंबर तक साकेत की मोबाइल के जरिए लगातार घर पर बातचीत हो रही थी, लेकिन इसके बाद अचानक उनका फोन बंद हो गया और तब से उनका कोई पता नहीं चल सका है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- रसिक दुलारी मौत: प्रेमानंदजी महाराज के शिष्य की मौत पर बड़ा ट्विस्ट, अब पंडोखर सरकार ने पुलिस को दिया क्या ऑफर
विज्ञापन
पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप
युवक के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। साकेत के पिता रामगोपाल नामदेव और चाची संध्या नामदेव ने बताया कि जब बेटे से संपर्क नहीं हुआ, तो वे तुरंत मथुरा-वृंदावन पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय थाने की पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और तलाश के लिए कोई ठोस कदम या मदद नहीं की। थक-हारकर परिजनों ने खुद ही साकेत की गुमशुदगी के पर्चे और पोस्टर पूरे वृंदावन इलाके में चिपकाए और निराशा हाथ लगने के बाद वापस अपने गांव लौटने को मजबूर हुए। परिजनों का कहना है कि हम थाने के चक्कर काट-काटकर थक गए, लेकिन पुलिस ने हमारे बेटे की खोजबीन में कोई रुचि नहीं दिखाई। हमें बस हमारा बेटा सुरक्षित वापस चाहिए।
परिजनों ने अब मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश प्रशासन से उच्च स्तर पर इस मामले की जांच कराने और लापता साकेत नामदेव को जल्द से जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। इस घटना से इलाके में चिंता का माहौल है।
