संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह: आमंत्रण पत्र में कमलनाथ का नाम नहीं था, इस पर गोविंद सिंह ने समिति छोड़ी
मध्य प्रदेश विधानसभा के संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह के आमंत्रण पत्र में नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ का नाम नहीं होने से सियासत गरमा गई है। कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह ने संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समिति से त्यागपत्र दे दिया है।
विस्तार
मध्य प्रदेश विधानसभा के संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह के आमंत्रण पत्र में नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ का नाम नहीं होने से राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समिति से त्यागपत्र दे दिया है।
पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह ने मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव को त्यागपत्र भेजा है। उन्होंने लिखा कि 30 वर्षों के राजनीति जीवन के अनुभव के आधार पर स्पष्ट करना चाहता हूं कि मध्य प्रदेश विधानसभा के किसी भी सार्वजनिक आयोजनों के आमंत्रण पत्रों में विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष का नाम प्रमुखता से अंकित रहता है। विधानसभा भवन के निर्माण के भूमिपूजन, शिलान्यास तथा लोकार्पण आदि के शिलालेखों में भी नेता प्रतिपक्ष का नाम अंकित है। संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में आमंत्रण पत्र में नेता प्रतिपक्ष का नाम अंकित नहीं होना संसदीय परंपराओं के अनुसार नेता प्रतिपक्ष का अपमान है। गोविंद सिंह ने लिखा कि विरोध स्वरूप मैं समिति से त्यागपत्र देता हूं। मेरा त्यागपत्र स्वीकार किया जाए। मध्य प्रदेश विधानसभा की तरफ से संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल हुए। उत्कृष्ट मंत्री, विधायक समेत अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
