दुबई में एमपी का निवेश अभियान: सीएम यादव 6 से 9 सितंबर तक करेंगे बड़े उद्योगपतियों से मुलाकात, जानें कार्यक्रम
मुख्यमंत्री मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई दौरे पर रहेंगे। वे एआईएम कांग्रेस-2026 में मध्यप्रदेश की औद्योगिक और पर्यटन क्षमता बताएंगे। UAE के निवेशकों, उद्योग समूहों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात कर निवेश प्रस्ताव और साझेदारी पर चर्चा करेंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री मोहन यादव 6 से 9 सितंबर 2026 तक दुबई दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री की यात्रा का प्रमुख हिस्सा एआईएम कांग्रेस-2026 में भाग लेना होगा। यहां मध्यप्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन क्षमता को दुनिया के सामने रखा जाएगा। इसके अलावा अलग-अलग देशों और यूएई के प्रमुख नीति-निर्माताओं व उद्योगपतियों के साथ बैठकें होंगी।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें, एआईएम कांग्रेस में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन, इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश-इंडिया निवेश सत्र, शारजाह के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ चर्चा और दुबई के प्रमुख उद्योग समूहों के साथ बैठकें शामिल हैं। मध्यप्रदेश सरकार का कहना है कि प्रदेश अपनी औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और निवेश के अनुकूल नीतियों के कारण वैश्विक निवेश के लिए बेहतर विकल्प बन रहा है।
6 सितंबर: प्रवासी भारतीयों और कारोबारी समुदाय से संवाद
दुबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का प्रवासी भारतीय समुदाय की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद ओडीओपी (एक जिला-एक उत्पाद) स्टॉल का उद्घाटन होगा। यहां मध्यप्रदेश के बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के आर्थिक और निवेश संबंधों पर चर्चा होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उन्हें और अरब संसद के सदस्यों को इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मीडिया से भी संवाद करेंगे। इसके बाद एआईएम कांग्रेस-2026 के आमंत्रण आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें करीब 500 संप्रभु संपदा कोष, फैमिली ऑफिस और बड़े कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी से भी मुलाकात करेंगे।
पढ़ें: हटाने से पहले प्रशासन से मांगी लिखित गारंटी, किसने बढ़ाई चिंता
7 सितंबर: एआईएम कांग्रेस में मध्यप्रदेश की प्रस्तुति
दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस-2026 में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। पवेलियन में प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसर और प्रमुख क्षेत्रों की जानकारी अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को दी जाएगी। मुख्यमंत्री रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से मुलाकात करेंगे और उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे। एआईएम कांग्रेस के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में लीडर्स सेशन को संबोधित करेंगे। इसके बाद तातारस्तान के गवर्नर के साथ बैठक होगी।
इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश-इंडिया निवेश सत्र में मुख्यमंत्री प्रदेश की निवेश संभावनाओं और सरकार की नीतियों के बारे में निवेशकों को जानकारी देंगे। इस सत्र को थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री UAE के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री और थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के साथ भी उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसके अलावा लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यूसुफ अली एम.ए. से मुलाकात होगी। दिन का समापन दुबई के कारोबारी और निवेश समुदाय के साथ संवाद से होगा।
8 सितंबर: बड़े निवेशकों से वन-टू-वन बैठक
तीसरे दिन मुख्यमंत्री UAE के प्रमुख निवेशकों और उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। इनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट जोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल शामिल हैं। इसके बाद शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक होगी। शारजाह चैंबर और आईबीपीसी शारजाह के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री बीआह ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ भी बैठक करेंगे। इसके बाद दुबई के प्रमुख कारोबारी समूह इमार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मुलाकात होगी। इसमें रियल एस्टेट, शहरी विकास और अन्य संबंधित क्षेत्रों में संभावित निवेश और सहयोग पर चर्चा होगी। शाम को इन्वेस्ट मध्यप्रदेश: निवेश अवसरों पर संवाद सत्र आयोजित होगा। इसमें UAE के व्यवसाय और परोपकार के विशेष दूत बद्र जाफर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश के औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं निवेशकों के सामने रखी जाएंगी।
9 सितंबर: नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे
तीन दिवसीय निवेश-केंद्रित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव 9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य दुबई में होने वाली इन बैठकों और संवाद को आगे चलकर निवेश प्रस्तावों, कारोबारी साझेदारियों और लंबे समय के सहयोग में बदलना है।
