एमपी: गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर चलती मालवाहक गाड़ी से 65.75 लाख का सामान चोरी, सील तोड़कर 43 कार्टन ले उड़े बदमाश
गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर बड़ौद थाना क्षेत्र में चलती मालवाहक गाड़ी की सील तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने 43 कार्टन सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 65.75 लाख रुपये है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
जिले में गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर चलती हुई एक मालवाहक गाड़ी से अज्ञात बदमाशों ने सील तोड़कर 43 कार्टन सामान पार कर दिया। चोरी हुए सामान में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो पार्ट्स, ड्राई फ्रूट्स और फुटवियर जैसी कीमती वस्तुएं शामिल थीं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 65 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है। यह वारदात बड़ौद थाना क्षेत्र की है। घटना की जानकारी मिलने के उपरांत बड़ौद थाना पुलिस ने शनिवार रात अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच आरंभ कर दी है।
पीछे से आ रहे चालक ने दी सूचना
बड़ौद थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित कंटेनर चालक बबलू कुमार (27), पिता भूप सिंह, मूल रूप से उत्तर प्रदेश राज्य के अलीगढ़ जिले स्थित लोढ़ा गांव के निवासी हैं। वे अंबाला से सामान लादकर इंदौर की तरफ जा रहे थे। चालक ने पुलिस को बताया कि 28 अक्तूबर की रात लगभग 2 बजे जब वे गरोठ-उज्जैन फोरलेन मार्ग से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने उन्हें कंटेनर का पिछला दरवाजा खुला दिखाई देने की जानकारी दी।
चलती गाड़ी से सामान उड़ा ले गए बदमाश
सूचना मिलते ही चालक ने तुरंत सड़क किनारे गाड़ी रोकी और पीछे जाकर देखा तो सील टूटी हुई पाई गई। जांच करने पर पता चला कि गाड़ी में रखे 43 कार्टन गायब हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि शातिर बदमाशों ने रफ्तार से चल रहे वाहन पर चढ़कर सील काटी और पिछला दरवाजा खोलकर सामान चोरी कर लिया। इसके पश्चात चालक ने वाहन मालिक को सूचित किया और उनके साथ बड़ौद थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब चोरी गए सामान का सही मूल्यांकन कर रही है और आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।
