एमपीः पानी को लेकर संघर्ष, भाई ने की भाई की हत्या, 24 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूखे के दंश के बाद बेशक मानसून की आहट लोगों के दिलों की बेचैनी को कम कर रही हो लेकिन पानी को लेकर मचा हाहाकार अभी खत्म नहीं हुआ है। मध्यप्रदेश के गुणा में एक ट्यूबवैल पर झगड़े को लेकर इस कदर बवाल मचा कि एक व्यक्ति ने अपने सगे भाई की पीट पीटकर हत्या कर दी। वहीं गुणा के नजदीकी शहर में भी पानी को लेकर हुए संघर्ष में 24 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार पहला मामला मध्यप्रदेश के गुणा जिले के अमागांव गांव का है। जहां आरोपी सोम ने अपने बेटों के साथ मिलकर बड़े भाई हीरालाल अहिरवार पर बुधवार रात हमला कर दिया। एडिशन एसपी सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों भाईयों के बीच ट्यूबवैल को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बुधवार रात उनमें फिर झगड़ा हुआ, जो संघर्ष में बदल गया। इस मारपीट में हीरालाल के सिर में गंभीर चोटें आईं जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। मामले में सोम और उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मध्यप्रदेश में दो जगहों पर हुआ पानी को लेकर संघर्ष
वहीं गुणा से 50 किलोमीटर दूर अशोक नगर जिले में भी पानी को लेकर खूब बवाल हुआ। यहां धातुरिया और तारावली गांव में ग्रामीण पानी को लेकर एक दूसरे से उलझ गए। पुलिस के अनुसार तरावाली गांव के लोगों ने धातुरिया गांव में पानी की उपलब्धता को देखते हुए वहां कुछ जमीन खरीदी है।
तारावाली गांव के लोग इस जमीन पर खेती के लिए ट्यूबवैल लगा रहे थे। ग्रामीणों की मंशा पाइप लाइन से अपने गांव तारावाली तक पानी पहुंचाने की थी। इसकी जानकारी धातुरिया गांव के लोगों को लगी तो हंगामा मच गया।
लाठी-डंडे लेकर दोनों गांव के लोग आमने सामने आ गए, जमकर हुए संघर्ष में दो दर्जन लोग घायल हो गए। संघर्ष में घायल हुए तारावाली गांव के अमित रघुवंशी ने बताया कि हम अपने खेतों में पाइप लाइन बिछा रहे थे, उन लोगों ने हमला कर दिया। वो पानी पर अपना हक नहीं जता सकते।
वहीं धातुरिया गांव के सरपंच के बेटे बबलू यादव ने कहा कि, अगर वो पानी निकाल लेंगे तो फिर हमें समस्या का सामना करना पड़ेगा। वहीं एसओ रामवीर सिंह गुर्जर ने बताया कि यह पानी के झगड़े का मामला था जिसे अब निपटा लिया गया है, हम मामले की जांच कर रहे हैं।
