मुरैना में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 20 हुई, शिवराज सरकार ने गठित की कमेटी
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के दो गांवों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर मंगलवार को 20 हो गई है और गंभीर रूप से बीमार 17 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है।
इस कमेटी में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजोरा, पुलिस महानिदेशक श्री ए.साई मनोहर, उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथिलेश शुक्ला को शामिल किया गया है। वहीं इस घटना में मुरैना के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को निलंबित कर दिया गया है।
Morena spurious liquor deaths: Madhya Pradesh Government constitutes a three-member committee to investigate the incident pic.twitter.com/WuBfziO3at
— ANI (@ANI) January 13, 2021
शिवराज सिंह चौहान ने एक ट्वीट में मुरैना के जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित करने की घोषणा की। चौहान ने ट्वीट किया, ‘मुरैना की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखदाई है। मामले की जांच जारी है, लेकिन प्रथम दृष्टया सुपरविजन में लापरवाही बरतने पर जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित किया गया है।’ इस बीच एक पुलिस अधिकारी को भी निलंबित किया गया है।
मुरैना की बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखदायी घटना है। मामले की जांच जारी है, लेकिन प्रथम दृष्टया सुपरविजन में लापरवाही करने पर डिस्ट्रिक्ट एक्साइज अफसर को सस्पेंड किया गया है।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) January 12, 2021
जांच के बाकी तथ्य जैसे ही आयेंगे, जो भी दोषी होंगे, वो छोड़े नहीं जायेंगे। हम कठोर कार्रवाई करेंगे। pic.twitter.com/8rynMs0ovi
जांच दल भेजा
प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि घटना की जांच के लिए एक दल वहां भेजा है। मिश्रा ने एक ट्वीट में कहा, ‘मुरैना में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों की घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। इस मामले में संबंधित थाना प्रभारी और जिलाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। जांच के लिए अलग से एक दल भी भेजा है। घटना के लिए जिम्मेदार कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।’
कमलनाथ ने शिवराज सरकार को घेरा
इस घटना पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार को पर निशाने पर लिया। कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘शराब माफियाओं का कहर जारी। उज्जैन में 16 जान लेने के बाद अब मुरैना में शराब माफियाओं ने 20 के करीब लोगों की जान ले ली। शिवराज जी, शराब माफिया आखिर कब तक यूं ही लोगों की जान लेते रहेंगे? सरकार बीमार लोगों का समुचित इलाज करवाए और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करे।’ इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री (शिवराज सिंह चौहान) माफिया के खिलाफ कार्रवाई को लेकर झूठे दावे कर रहे हैं।
इससे पहले, मंगलवार सुबह को जिला पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर मानपुर और पहावाली गांवों में हुई। उन्होंने बताया कि जहरीली शराब पीने से मानपुर और पहवाली गांव के 20 लोगों की मौत हो गई और 17 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। बीमार लोगों को ग्वालियर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि सोमवार रात को अवैध शराब का सेवन करने वाले गांव के लोगों की हालत बिगड़ने लगी और 20 लोगों की मौत हो गई और बाकी बीमार लोगों को उपचार के लिए ग्वालियर के अस्पताल में भेजा गया। सुजानिया ने बताया कि सभी मृतकों का मुरैना के जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है । उन्होंने बताया कि इस मामले में ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती लोगों के बयान लेने पुलिस वहां पहुंच गई है। उनके बयान लेने के बाद ही साफ हो पायेगा कि गांव में संदिग्ध जहरीली शराब कहां से आई थी।
