{"_id":"6496d787cc84c9ec3e067109","slug":"khandwa-news-interstate-gang-busted-used-to-keep-stolen-goods-hidden-in-the-seat-cover-of-the-car-2023-06-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Khandwa News: अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, कार के सीट कवर में छिपाकर रखते थे डकैती का माल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Khandwa News: अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, कार के सीट कवर में छिपाकर रखते थे डकैती का माल
Sat, 24 Jun 2023 05:18 PM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Sat, 24 Jun 2023 05:18 PM IST
सार
मध्य प्रदेश पुलिस ने डकैती करने वाली अंतरराज्यीय गैंग को पकड़ा है। इसके आठ सदस्य हैं, जो खंडवा में डकैती की योजना बना रहे थे। जेवर और नगदी भी बरामद हुई है जो आरोपियों ने कार के सीट कवर में छिपा रखी थी।
विज्ञापन
खंडवा पदमनगर पुलिस थाना
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्यप्रदेश की खंडवा पुलिस ने डकैती करने वाली अंतरराज्यीय गैंग को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने खंडवा में डकैती की तैयारी कर रहे आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये नगदी सहित सोने-चांदी के गहने और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, हथियार और एक कार भी जब्त की है। सभी डकैत नीमच जिले के रहने वाले हैं। डकैती के बाद मामला ठंडा होने तक माल कार के सीट कवर में छिपाकर रखते थे। फिलहाल उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
विज्ञापन
खंडवा पुलिस ने देर शाम पकड़े गए एक बड़े अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया। पुलिस ने गैंग के कुल आठ लोगों को शहर के किशोर मुक्तिधाम की झाड़ियों के पास डकैती की तैयारी करते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों ने खंडवा में अलग-अलग थाना क्षेत्र शामिल हैं। मोघट थाने में दो, पदम नगर थाना में दो और कोतवाली थाना में तीन चोरियां कबूल की है। सभी आरोपी नीमच जिले के मनासा के रहने वाले हैं। इन पर पहले भी लूट, चोरी, नकबजनी सहित आबकारी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी दिन में खंडवा आकर सूने मकानों की रैकी करते और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, कार और नगदी सहित लगभग 12 लाख रुपये का माल भी बरामद हुआ है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि इनके तार अन्य राज्यों में भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस आरोपियों का तीन दिन का रिमांड लेकर अब इनसे आगे की पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
यह था डकैती का तरीका
खंडवा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा अलावा ने बताया कि आरोपी दिन में खंडवा आते थे। सूने मकानों की रैकी करते थे। जहां इन्हें चोरी करने की संभावना लगती थी, दो-तीन लोग रैकी कर लेते थे। शाम को गाड़ी दूर खड़ी कर घटना को अंजाम देते थे। पकड़े गए आरोपियों ने घटना में हथियार भी इस्तेमाल किए थे। यदि कोई इन्हें देख लेता तो मारने को तैयार रहते थे।
विज्ञापन
कुल आठ आरोपी पकड़ाए
एडिशनल एसपी सीमा अलावा ने बताया कि पुलिस ने कुल आठ आरोपी पकड़े हैं । पकड़े गए आरोपियों में धर्मेन्द्र उर्फ गोलू पिता रोडीलाल मालवीय जाति बाछड़ा उम्र 20 वर्ष, अक्षय उर्फ भोता पिता मुकेश गुर्जर जाति गुर्जर, विनित उर्फ अंकुश मालवीय पिता गनपत मालवीय जाति बाछड़ा, मुन्ना मालवीय पिता शिषराम मालवीय जाति बाछड़ा, मनीष गौड माँ ममता बाई जाति बाछड़ा, रोहित गौड माता ममता बाई जाति बाछडा, अंकित मालवीय पिता भगतराम मालवीय जाति बाछडा, और सुरेन्द्र गौंड पिता शांतिराम गौंड हैं। पकड़े गए सभी आरोपी ग्राम बरडिया, थाना मनासा जिला नीमच के रहने वाले हैं।
12 लाख का माल हुआ बरामद
खंडवा की एडिशनल एसपी अलावा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घर तोड़ने के और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई हथियार बरामद हुए हैं। इसके साथ ही साढ़े नौ तोला सोना और 800 ग्राम चांदी के कुल 21 नग आभूषण सहित एक लाख 96 हजार रुपये की नगदी भी बरामद हुई है। इसके साथ चोरी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला वाहन एक अर्टिगा गाड़ी भी पुलिस ने जब्त किया है। इस तरह पुलिस ने अब तक लगभग 12 लाख रुपये का सामान जब्त कर लिया है।
गाड़ी में छिपाते थे चोरी का माल
खंडवा पुलिस ने बताया कि जब आरोपियों को पकड़ा गया तब तो इनसे कोई माल बरामद नहीं हुआ। जब इनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने पुलिस को बताया कि माल गाड़ी में छिपा रखा है। पुलिस ने जब चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ी अर्टिगा कार की तलाशी ली तो गाड़ी के अंदर सीट के नीचे के कवर से पुलिस को सारा माल बरामद हुआ है।
