Jabalpur: शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा, जबलपुर की महिला से 2.27 करोड़ की ठगी; दो ठग गिरफ्तार
शेयर मार्केट में अधिक लाभ का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को क्राइम ब्रांच की टीम ने जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जबलपुर की एक महिला से निवेश के नाम पर 2 करोड़ 27 लाख रुपये की ठगी की थी।
विस्तार
शेयर बाजार में प्रतिदिन 5 प्रतिशत और दीर्घकालिक निवेश पर 500 प्रतिशत तक रिटर्न का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में जम्मू-कश्मीर निवासी नसीर अहमद शेख और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी मोहम्मद अजहर शामिल हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम ब्रांच जितेंद्र सिंह ने बताया कि जबलपुर निवासी महिला को अज्ञात व्यक्तियों ने शेयर बाजार में अल्पकालिक और दीर्घकालिक निवेश, कैपिटल गेन और सस्ते दामों पर बल्क ट्रेडिंग का प्रलोभन दिया। इस दौरान महिला से अलग-अलग खातों में कुल 2 करोड़ 27 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
पढे़ं: 'लक्ष्य पर ध्यान और कड़ी मेहनत', सीएम यादव ने छात्रों को दिए पढ़ाई के मंत्र; खुलकर की बात
महिला की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने जम्मू-कश्मीर और सहारनपुर में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ठगी गई राशि में से करीब 45 लाख रुपये उनके खातों में ट्रांसफर हुए थे, जबकि शेष राशि गिरोह के सरगना के खातों में भेजी गई।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और निवेश के नाम पर की गई अन्य ठगी के मामलों के खुलासे की संभावना है। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक साइबर अंजुल अयंक मिश्रा की भूमिका सराहनीय रही।
