Jabalpur News: मनमानी फीस वसूली तथा फर्जी पुस्तक मामले में प्रशासन ने सिर्फ एक स्कूल की पेश की स्टेटस रिपोर्ट
हाईकोर्ट में निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली और फर्जी पुस्तकों के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई। प्रशासन ने केवल लिटिल किंगडम स्कूल की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि अन्य स्कूलों की रिपोर्ट अभी बाकी है। अगली सुनवाई 28 नवम्बर को होगी।
विस्तार
प्रशासन द्वारा मनमानी फीस वसूली और फर्जी पुस्तक को पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने की जांच में सख्त कार्रवाई न होने की शिकायत करते हुए आधा दर्जन निजी स्कूल प्रबंधन ने हाईकोर्ट का रुख किया। याचिका की सुनवाई में प्रशासन ने केवल लिटिल किंगडम स्कूल की जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश की। हाईकोर्ट की जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने अन्य याचिकाकर्ता स्कूलों की जांच स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के लिए प्रशासन को समय दिया और अगली सुनवाई 28 नवंबर को तय की।
याचिकाकर्ता रॉयल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लिटिल किंगडम, स्मॉल वंडर्स, नचिकेता हायर सेकेंडरी स्कूल, स्टेम फील्ड इंटरनेशनल सहित अन्य स्कूल प्रबंधनों ने याचिका में कहा कि जबलपुर जिला प्रशासन मनमानी फीस वृद्धि और फर्जी पुस्तक मामले की जांच कर रहा है, जिसमें कई स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हुए थे। स्कूल प्रबंधनों को आशंका है कि दीपावली अवकाश के दौरान प्रशासन उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकता है।
युगलपीठ ने शुरुआती सुनवाई में आरोपी स्कूल संचालकों और स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई न करने का आदेश दिया था और निर्देशित किया था कि याचिकाकर्ता स्कूल प्रबंधक जिला समिति की जांच में सहयोग कर अपेक्षित दस्तावेज पेश करें। पिछली सुनवाई में प्रशासन द्वारा पेश की गई जांच स्टेटस रिपोर्ट संतोषजनक न पाते हुए कोर्ट ने दो दिन में नई स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। बुधवार की सुनवाई में प्रशासन ने केवल एक याचिकाकर्ता स्कूल की जांच स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की।
