'90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते, मैं चाहता हूं शक्कर महंगी हो': हंसकर बोले विजयवर्गीय, राखी भी बंधवाई
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में बच्चों के साथ राखी बांधकर अंताक्षरी खेली। सड़क, शक्कर, ग्रीन एनर्जी और अमेरिका वीजा पर बेबाक बयान दिए। क्या कुछ कहा, आइये जानते हैं।
विस्तार
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुधवार को इंदौर में वृद्धजनों और दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे। इस दौरान बच्चों ने उन्हें राखी बांधी। मंत्री ने भी बच्चों के साथ समय बिताया और अंताक्षरी खेलकर माहौल को खुशनुमा बनाया। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और काफी देर तक उनके बीच रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजयवर्गीय से विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर सवाल किए गए। कांग्रेस के सड़क की खराब स्थिति को लेकर कीचड़ में बैठकर किए गए प्रदर्शन पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इंदौर में बहुत बढ़िया-बढ़िया सड़कें बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट के सामने वाली सड़क पर जाकर लोट लगाएं, अगर वह सड़क खराब है तो उसे भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो सड़कें अच्छी हैं, उन पर इंजॉय करना चाहिए।
शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि कीमत कल-परसों 70 रुपये थी, आज 60 रुपये है और आगे और कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आजकल करीब 90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते। अपने उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे खुद मीठा नहीं खाते, रमेश और राजेंद्र जी भी मीठा नहीं खाते। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि वे तो चाहते हैं कि शक्कर खूब महंगी हो जाए, लेकिन बच्चों के लिए यह नियंत्रित कीमत पर सस्ती मिलनी चाहिए।
पढ़ें: दमकल वाहन से धुली विधायक की कार, वीडियो वायरल होने के बाद छिड़ा विवाद, विधायक ने दी सफाई
पर्यावरण और ग्रीन एनर्जी को लेकर भी मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े देशों की बैठक में पर्यावरण प्रमुख विषयों में शामिल रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी को लेकर किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सोलर पावर सहित कई ग्रीन एनर्जी के काम हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के यूक्रेन में भी एक पेड़ लगाने के संकल्प का जिक्र किया। इसी क्रम में मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया।
अमेरिका की ओर से भारतीयों के वीजा पर रोक लगाए जाने से जुड़े सवाल पर मंत्री विजयवर्गीय ने चुटकी लेते हुए कहा कि जो हमारे ट्रंप फूफा हैं, वे सुबह क्या करेंगे और शाम को क्या करेंगे, यह किसी को मालूम नहीं है। उन्होंने कहा कि इसलिए वे इस मामले पर कोई जवाब नहीं देंगे। वहीं, सिंगरौली विधायक द्वारा गाड़ी धुलवाने से जुड़े मामले पर सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का अंदाज बेबाक और सहज नजर आया।
