इंदौर: अभ्यास मंडल की 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला के निमंत्रण पत्र पोस्टर का विमोचन
इंदौर की संस्था अभ्यास मंडल की 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला के पोस्टर का विमोचन इंदौर प्रेस क्लब में किया गया। छह दिवसीय यह व्याख्यानमाला 5 से 10 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न समसामयिक विषयों पर प्रतिष्ठित वक्ता अपने विचार रखेंगे।
विस्तार
इंदौर की संस्था अभ्यास मंडल की 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला के निमंत्रण पत्र व पोस्टर का विमोचन इंदौर प्रेस क्लब के समारोह में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति माननीय शांतनु केमकर थे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज में स्वस्थ संवाद, वैचारिक आदान-प्रदान और सार्थक विमर्श की परंपरा को जीवित रखने में ऐसी व्याख्यानमालाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभ्यास मंडल के नर्मदा का जल इंदौर तक लाने के कार्य को भी याद किया। इसके साथ ही उन्होंने इंदौर की यातायात समस्या पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इसमें नागरिकों की जागरूकता जरूरी है।
जल संकट को देखते हुए पानी बचाव के लिए प्रयास करने होंगे, इंदौर के नागरिक जागरूकता के साथ इसमें भी वैसा ही सहयोग करेंगे जैसा उन्होंने सफाई में नंबर वन लाने में किया है। अभ्यास मंडल के अध्यक्ष रामेश्वर गुप्ता ने व्याख्यानमाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शहर के प्रबुद्धजनों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन वैशाली खरे ने किया।
अभ्यास मंडल की 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला 5 से 10 दिसंबर 2026 तक इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित होगी। छह दिवसीय इस आयोजन में न्यायपालिका, भारतीय संस्कृति, चिकित्सा, महिला आरक्षण, औपनिवेशिक मानसिकता और सामाजिक जीवन में युवाओं की भूमिका जैसे समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर देश के प्रतिष्ठित वक्ता अपने विचार रखेंगे।
व्याख्यानमाला का शुभारंभ 5 दिसंबर को सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री जे.के. माहेश्वरी के व्याख्यान ‘न्यायपालिका और जनविश्वास’ से होगा। 6 दिसंबर को डॉ. जवाहर कर्नावट ‘भारतीय संस्कृति और भाषाओं का वैश्विक स्वरूप’ और 7 दिसंबर को पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना ‘जीवन जीने की शैली’, 8 दिसंबर को डॉ. रागिनी नायक ‘महिला आरक्षण की राह और चुनौतियां’ और 9 दिसंबर को श्री हेमंत मुक्तिबोध ‘भारत पर औपनिवेशिक मानसिकता के प्रभाव, परिणाम और उनसे मुक्ति के भारतीय प्रयास’ विषय पर व्याख्यान देंगे।10 दिसंबर को समापन सत्र में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह तोमर ‘सक्रिय सामाजिक जीवन में युवाओं की भागीदारी’ विषय पर संबोधित करेंगे।

