Indore: ट्री हाउस में संगठन चलाने वाले सौरभ के खातों में मिला लाखों का लेनदेन, विदेश यात्रा भी की
पुलिस को यह भी पता चला है कि सौरभ बनर्जी ने सात साल पहले हांगकांग की यात्रा भी की थी। उसके पास एक कार, आईपैड, महंगे मोबाइल है। पुलिस ने उसके आपराधिक रिकार्ड की जानकारी जुटाई है। उस पर दिल्ली में वर्ष 2010 में धोखाधड़ी का केस दर्ज हो चुका है।
विस्तार
देवास जिले के शुक्रवासा ग्रामीण क्षेत्र में ट्री हाउस में हाउल क्लब चलाने वाला सौरभ बनर्जी फिलहाल पुलिस गिरफ्त में है। देवास पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसकी जन्मकुंडली खंगाली। उसके बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को पता चला है कि सौरभ खुद को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का रिश्तेदार बताता है और ग्रामीणों और आदिवासियों पर प्रभाव जमाता है।
सौरभ के चार बैंकों में अकाउंट की जानकारी मिली है। पंजाब नेशनल बैंक के खाते में जून 2024 से जुलाई 2025 तक प्रतिमाह एक से डेढ़ लाख रुपये आने की जानकारी भी मिली है। आदिवासी दिवस के पूर्व 8 अगस्त को लगभग ढाई लाख रुपये इसके अकाउंट में जमा हुए थे। सौरभ, इंदौर में दो मकानों का किराया भी देता है। उसकी पत्नी इंदौर में रहती है और दो बच्चे भी हैं। दूसरे मकान में मां अलग रहती है। सौरभ उनसे अलग रहता है। सौरभ के संगठन में शामिल एक युवती के परिजनों ने आरोप लगया कि वह ट्री हाउस में एक अन्य युवती के साथ लिव इन में रहता है। पुलिस को यह भी पता चला है कि सौरभ बनर्जी ने सात साल पहले हांगकांग की यात्रा भी की थी। उसके पास एक कार, आईपैड, महंगे मोबाइल हैं। पुलिस ने उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई है। उस पर दिल्ली में वर्ष 2010 में धोखाधड़ी का केस दर्ज हो चुका है। सौरभ के संगठन का एनजीओ के रूप में कोई पंजीकरण नहीं मिला।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ट्री हाउस में जाकर पड़ताल की। वहां एक्सपायरी डेट की दवाइयां मिली और कुछ प्रतिबंधित इंजेक्शन भी दल को मिले हैं। सौरभ का संगठन क्लिनिक संचालित करता था और इंदौर के डाॅक्टरों के साथ वर्चुअली क्लिनिक से ग्रामीणों को जोड़कर इलाज की सुविधा देता था। उसका पंजीयन भी स्वास्थ्य विभाग में कराया नहीं गया था। ट्री हाउस में एक आटा चक्की भी मिली। ग्रामीणों को वहां मुफ्त में गेहूं पीस कर दिया जाता था।
