Indore: निगम ने बकायादारों के नाम राजवाड़ा पर किए चस्पा, बर्खास्त पार्षद कादरी का भी नाम
इंदौर नगर निगम ने संपत्ति कर जमा नहीं करने वाले बकायादारों के नाम का होर्डिंग शहर के हृदय स्थल राजवाड़ा पर लगवाया है। इस सूची में वर्षों से टैक्स जमा न करने वाले 100 से अधिक लोगों के नाम शामिल हैं। सूची में हटाए गए पार्षद अनवर कादरी का नाम भी है।
विस्तार
इंदौर में नगर निगम ने राजस्व बढ़ानेे के लिए नया प्रयोग किया है। तीन वार्डों के बकायादारों के होर्डिंग निगम ने राजवाड़ा पर लगवाए है। जिन बकायादारों ने बरसों से टैक्स जमा नहीं किया। उनके नाम सूची में शामिल है। इसमें पद से हटाए गए पार्षद अनवर कादरी का भी नाम है।
दोपहर में लगाया गया यह होर्डिंग कौतूहल का विषय रहा। कई लोग रुक कर अपने नाम भी खंगालते नजर आए। पोस्टर में 100 से ज्यादा बकायादारों के नाम है। उन पर पांच लाख से पचास हजार रुपये तक का टैक्स जमा है। अब देखना है कि इस अनूठी पहल से नगर निगम के खजाने में कितना राजस्व मिलता है।
राजवाड़ा को इंदौर को हद्य स्थल कहा जाता है। रंगों की गेर, पारंपरिक झांकियां राजवाड़े का चक्कर लगाकर निकलती है। पहले कई चुनावी सभाएं राजवाड़ा चौक पर होती थी। अब इस चौक पर निगम ने बकायादारों के नामों के होर्डिंग लगाए है। अफसरों ने बताया कि कई बार नोटिस देने के बावजूद संपत्तिकर जमा नहीं कराया। इस वजह से हमें यह तरीका अपनाना पड़ा। इस पोस्टर में जोन-3 के तीन वार्डों के नाम है। इंदौर में 13 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत लग रही है। जिसमें नगर निगम द्वारा बकाया करों पर छूट दी जा रही है।
हमारी कोशिश है कि उसका लाभ लेकर बकायादार अपना एक मुश्त टैक्स जमा करा दे। पोस्टर में पूर्व पार्षद अनवर कादरी की पत्नी जुलेखा कादरी का नाम भी है। उन पर तीन लाख का टैक्स बकाया है। अफसरों ने कहा कि यदि बकायदारों ने टैक्स जमा नहीं कराया तो नगर निगम संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही करेगा।
