इंदौर: शनिवार भी बीता सूखा, छाए रहे इंदौर में बादल, लेकिन बरसे नहीं
इंदौर में मानसून सीजन अब आखिरी दौर में है, लेकिन बारिश का इंतजार खत्म नहीं हो रहा। शनिवार को दिन में बादल छाए, मगर बारिश नहीं हुई और कुछ देर बाद तेज धूप निकल आई। इस बार सितंबर में बारिश का आंकड़ा बीते 11 वर्षों में सबसे कम रहा।
विस्तार
इंदौर में शनिवार को दिन में बादल छाए, लेकिन बरसे नहीं। कुछ देर बाद तेज धूप निकल आई। मौसम विभाग ने इंदौर जिले में बारिश की भविष्यवाणी की थी, लेकिन शनिवार भी सूखा बीता। इंदौर में कम बारिश होने से शहरवासी वैसे ही चिंतित हैं, क्योंकि कम बारिश का असर भूजल स्तर पर पड़ेगा। शनिवार को दिन में गर्मी ने भी परेशान किया। अधिकतम तापमान 32 डिग्री से ज्यादा रहा। हवाएं भी तेज नहीं चलीं।
शहर में मानसून सीजन में 40 से 50 इंच तक बारिश होती है, लेकिन इस बार बारिश 25 इंच भी नहीं हो पाई है। सितंबर माह बीतने में चार दिन शेष हैं, लेकिन बारिश के पते नहीं हैं। 11 वर्षों में सितंबर में इतनी कम बारिश हुई है। 25 सितंबर तक इंदौर में चार इंच बारिश हुई है। इससे पहले वर्ष 2015 में सितंबर माह में कम बारिश दर्ज हुई थी। तब 1.3 इंच बारिश शहर में हुई थी।
अब सितंबर के बचे पांच दिनों में शहरवासी अच्छी बारिश की उम्मीद कर रहे हैं, क्योंकि एक मजबूत सिस्टम प्रदेश के ऊपर सक्रिय है और उस कारण प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को दिन में इंदौर में तेज धूप थी, लेकिन शाम को बादल छाए और तेज हवाएं भी चलीं।
इंदौर में अब तक 23 इंच बारिश दर्ज हुई है, जो काफी कम है। इसका असर आसपास के ग्रामीण इलाकों की फसलों पर भी नजर आ रहा है। सितंबर माह में किसान खेतों में सोयाबीन की फसल बोते हैं, क्योंकि मिट्टी में नमी रहती है, लेकिन जमीन अभी सूखी है और फसल बोने के लिए किसानों को सिंचाई का सहारा लेना पड़ रहा है।इंदौर में शुक्रवार रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था। दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था।
