Indore News: इंदौर में मेट्रो ट्रेन का सेफ्टी ऑडिट शुरू, अप्रुवल के बाद मेट्रो का होगा कमर्शियल रन
बुधवार को आई टीम ने कार्पोरेशन के अफसरों के साथ बैठक की और आवश्यक जानकारी जुटाई। मेट्रो के कोच के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मेट्रो स्टेशन, प्लेटफार्म की साइज, आपात स्थित के मद्देनजर स्टेशनों पर किए गए सुरक्षा इंतजामों को देखा गया।
विस्तार
इंदौर में मेट्रो स्टेशन, कोच का सेफ्टी ऑडिट बुधवार से शुरू हुआ। इसके लिए कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) की टीम इंदौर मंगलवार को ही आ गई थी। बुधवार सुबह अफसर गांधी नगर डिपो पहुंचे और सुरक्षा मानकों के हिसाब से मेट्रो कोच को परखा।
इसके अलावा डिपो में संचालन से जुड़ी गतिविधियों को देखा। मेट्रो के लिए बनाए सेंटर की भी जांच की गई। इसके बाद अब सिविल वर्क का अडिट होगा। उसके लिए टीम 26 जनवरी के बाद आएगी। सेफ्टी ऑडिट में तय मापदंडों पर परखे जाने के बाद सीएमआरएस की तरफ से मेट्रो के संचालन की मंजूरी मेट्रो रेल कार्पोरेशन को मिलेगी। इस प्रक्रिया में डेढ़ माह का समय लग सकता है। उसके बाद कमर्शियल रन होगा।
बुधवार को आई टीम ने कार्पोरेशन के अफसरों के साथ बैठक की और आवश्यक जानकारी जुटाई। मेट्रो के कोच के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मेट्रो स्टेशन, प्लेटफार्म की साइज, यात्रियों की सुविधा,आपात स्थित के मद्देनजर स्टेशनों पर किए गए सुरक्षा इंतजामों को देखा गया।
31 किलोमीटर का है मेट्रो का रुट
इंदौर में मेट्रो का रुट 31 किलोमीटर का है। फिलहाल 18 किलोमीटर हिस्से में काम चल रहा है। मेट्रो एयरपोर्ट से सुपर काॅरिडोर, विजय नगर, खजराना रिंग रोड, तिलक नगर, पलासिया, गांधी प्रतिमा, राजवाड़ा, सदरबाजार, बड़ा गणपति, एरोड्रम रोड होते हुए एयरपोर्ट तक जाएगी।
नाथ मंदिर रोड से एरोड्रम रोड तक मेट्रो भूमिगत रहेगी। फिलहाल इसका काम शुरू नहीं हो पाया है। पहले 17 किलोमीटर हिस्से में ट्रायल रन का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया है। इस कारण अभी छह किलोमीटर हिस्से में मेट्रो का संचालन शुरू करने की तैयारी की गई है,हालांकि इस हिस्से में मेट्रो के लिए यात्री काफी कम मिलेंगे।
