न्यू ईयर सेलिब्रेशन में वायरल हुए अश्लील वीडियो से हड़कंप मच गया है। इंदौर में नाबालिगों ने जोश में होश खो दिए और लोगों ने पब में ही उनके वीडियो बना लिए। अब ये वीडियो हर जगह वायरल हो रहे हैं। नाबालिगों के अश्लील वीडियो से शहर की साख को भी धक्का पहुंचा है। खजराना इलाके में रिंग रोड स्थित डोपा माइन पब के यह वीडियो पूरे शहर में वायरल हो रहे हैं। पब में न्यू ईयर पार्टी के दौरान नाबालिग लड़के-लड़कियां शामिल हुए, जहां देर रात तक शराब और डांस के बीच अश्लीलता का माहौल बना रहा। नशे में झूमते युवाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। शहर की सामाजिक संस्थाओं ने इस पर चिंता जाहिर की है और कहा है कि इस तरह की चीजों से शहर की पूरी दुनिया में बदनामी होती है।
पुलिस और प्रशासन का डर नहीं दिखा
कमिश्नर संतोष सिंह ने सभी पब और होटलों को तय समय पर बंद कराने और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद पब में नियमों की अनदेखी हुई और प्रशासन इस पार्टी पर सख्ती से कार्रवाई करने में असफल रहा। पब के अंदर अश्लील डांस और नाबालिगों की मौजूदगी के वायरल वीडियो ने पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पब खजराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां सख्ती के निर्देशों के बावजूद इस तरह की घटना सामने आई।
हिन्दू संगठनों ने बनाई दूरी, मिल गई खुली छूट
विजयनगर और नगर निगम के विवाद के चलते बजरंग दल और हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने इस बार न्यू ईयर पार्टी से दूरी बनाए रखी। 31 दिसंबर की रात किसी भी पब या होटल के बाहर अश्लीलता रोकने के लिए हिंदूवादी नेता नहीं पहुंचे, क्योंकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें पहले ही यह आश्वासन दिया था कि समय सीमा का पालन किया जाएगा। इस घटना ने पुलिस और प्रशासन की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फेल हो गई व्यवस्थाएं
हिन्दू संगठनों और सामाजिक संगठनों के दूर रहने से युवाओं को खुली छूट मिल गई और इस तरह के दृश्य कई जगह नजर आए। लाख दावों के बावजूद पुलिस और प्रशासन इस तरह की घटनाओं को रोक नहीं सके। कई जगह युवा शराब के नशे में चूर गिरते पड़ते रहे तो कई जगह खुलेआम डांस करते और हरकतें करते नजर आए। न्यू ईयर के बाद वायरल हुए इन वीडियो ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्न चिन्ह खड़े कर दिए।