इंदौर: स्थापना दिवस पर बोले मंत्री विजयवर्गीय- मध्य प्रदेश और मेरी उम्र लगभग समान है
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को इंदौर में समारोह आयोजित किया गया। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी उम्र के साथ मध्यप्रदेश को भी बदलते और आगे बढ़ते देखा है।
विस्तार
मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस रविवार को इंदौर में भी मनाया गया। मुख्य समारोह लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की स्थापना 1 नवंबर 1956 को हुई थी और मेरा जन्म 13 मई 1965 को हुआ। इस प्रकार मेरी और प्रदेश की उम्र लगभग समान है। मैंने अपनी उम्र के साथ प्रदेश को भी बदलते देखा है। मध्यप्रदेश में हमारी सरकार के कार्यकाल के दौरान विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
मध्यप्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में सड़क, शिक्षा, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। वर्ष 2003 में प्रदेश की सिंचाई क्षमता लगभग सात लाख हेक्टेयर थी। आज सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। प्रदेश में एक लाख किलोमीटर से अधिक अच्छी सड़कों का निर्माण किया गया है। बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण आवागमन आसान हुआ है और विकास की गति तेज हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिंचाई का रकबा बढ़ाकर एक करोड़ हेक्टेयर तक पहुंचाना है, जिससे किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नर्मदा जल को पेयजल और सिंचाई के लिए गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में विकासात्मक गतिविधियों और विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं, विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।स्थापना दिवस के अवसर पर शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
