इंदौर: शोकसभा के लिए लगाए टेंट के पास मिला घायल युवक, अस्पताल में हो गई मौत
इंदौर के खुडैल क्षेत्र में रात को हुई मारपीट के बाद गंभीर रूप से घायल मिले युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर सीसीटीवी फुटेज और परिजनों की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
विस्तार
इंदौर के खुडैल क्षेत्र में सुबह ग्रामीणों को एक युवक टेंट के पास घायल अवस्था में मिला। उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट के निशान थे। युवक को ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रात को युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी और घायल अवस्था में उसे शोकसभा के लिए लगाए गए टेंट के पास छोड़ दिया था। पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है और युवक पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है।
युवक की शिनाख्त दीपक पिता गोपाल निवासी बरोठा, देवास के रूप में हुई। मामले की जांच करने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि देर रात को झगड़ने की आवाज आ रही थी। सुबह युवक घायल अवस्था में मिला।
मोहल्ले में एक परिवार के यहां हुई गमी के बाद शोक सभा का टेंट लगाया गया था। दीपक टेंट के पीछे घायल अवस्था में नजर आया था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
दीपक के परिवार वालों से भी यह जानकारी जुटा रही है कि उसका किन-किन लोगों से विवाद था। पुलिस को यह भी आशंका है कि तात्कालिक विवाद के कारण युवक के साथ आरोपियों ने मारपीट की और फिर उसे घायल अवस्था में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का केस दर्ज कर पुलिस जांच आगे बढ़ाएगी।
