इंदौर: कैफे संचालक से बिजली कंपनी के सुपर वाइजर और मीटर रीडर ने मांगी रिश्वत, रंगे हाथों पकड़ा
इंदौर में बिजली के 97 हजार रुपये के चालान का सेटलमेंट कराने के लिए 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को ट्रैप कार्रवाई कर 5 हजार रुपये की अगली किस्त लेते हुए मीटर रीडर संदीप और हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा को पकड़ा।
विस्तार
इंदौर में लगातार रिश्वत लेने के मामले सामने आ रहे है। लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को रिश्वत के मामले में ट्रैप कार्रवाई की। स्काई कॉरपोरेट बिल्डिंग के कैफे संचालक से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए हुए सुपरवाइजर दीपक सचदेवा और मीटर रीडर संदीप को पकड़ा गया। अफसरों ने एमपीईबी के अरण्य जोन में पदस्थ जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। उसकी भी भूमिका रिश्वत मामले में सामने आई है।
शिकायतकर्ता आर्जव जैन स्काई कॉरपोरेट बिल्डिंग की नौवीं मंजिल पर कैफे संचालित करते हैं। उनके कैफे पर एमपीईबी के जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा ने बिजली संबंधी अनियमितता के मामले में 97 हजार रुपये का चालान बनाया था। शिकायत के मुताबिक, चालान के सेटलमेंट के लिए अरण्य जोन के मीटर रीडर संदीप ने 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 20-20 हजार रुपये की दो किस्तों में कुल 40 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे।
इसके बाद कैफे संचालक ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से शिकायत की। इसके बाद लोकायुक्त अफसरों ने रिश्वत मांगने वाले अफसरों को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। सोमवार को पांच हजार रुपये की अगली किस्त लेने के दौरान ट्रैप कार्रवाई की गई। लोकायुक्त के मुताबिक, कैफे संचालक ने यह राशि बिल्डिंग के हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा को दी। इसके बाद संदीप ने दीपक के माध्यम से यह रकम प्राप्त की।
लोकायुक्त ने रवि मिश्रा और संदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

