Indore: जिला कांग्रेस अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के भाई के खिलाफ प्रकरण दर्ज, कांग्रेस ने जताया विरोध
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्षी दलों की आवाज को कुचलना चाहती है। मुख्यमंत्री के दबाव में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के भाईयों के खिलाफ झूठा केस दर्ज कराया है। हमें प्रकरण की प्रति नहीं दी जा रही है।
विस्तार
जमीन के विवाद में इंदौर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के दो भाईयों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। इसे लेकर राजनीतिक गरमा गई। बुधवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। हाथों में कांग्रेस के झंडे लेकर पहुंचे कार्यकर्ता दर्ज प्रकरण के विरोध में नारेबाजी करते नजर आए। उनका कहना था कि कांग्रेस का जो नेता सरकार के विरोध में बोल रहा है। उसके खिलाफ झूठे मुकदमे लादे जा रहे है।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्षी दलों की आवाज को कुचलना चाहती है। मुख्यमंत्री के दबाव में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के भाईयों के खिलाफ झूठा केस दर्ज कराया है। हमें प्रकरण की प्रति नहीं दी जा रही है। तीनों के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं है।
राजनीतिक परिवार को बदनाम करने के लिए यह प्रकरण दर्ज किया गया है। हमारा कहना है कि सरकारें आती जाती हैं। अफसरों को भी समझना चाहिए, वे आंख पर पट्टी बांध कर काम कर रहे है, इस कारण हमने ज्ञापन अफसरों को सौंपने के बजाए दीवार पर चस्पा करना पड़ा। प्रदर्शन में कांग्रेस नेत्री शोभा अेाझा, सुरजीत सिंह चड्ढा, चिंटू चौकसे, संतोष गौतम सहित अन्य नेता शामिल थे।
