इंदौर: इंदौर के एमजीएम काॅलेज में पीजी की 39 सीटें बढ़ी, कुल संख्या 322 हो गई
इंदौर के महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में पीजी (पोस्ट ग्रेजुएशन) की 39 नई सीटें बढ़ाने की मंजूरी मिली है। इसके साथ ही कॉलेज में पीजी सीटों की कुल संख्या 283 से बढ़कर 322 हो गई है।सबसे ज्यादा 12 सीटें मेडिसिन विभाग को मिली हैं।
विस्तार
इंदौर के महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में अब मेडिकल के ज्यादा विद्यार्थी पोस्ट ग्रेजुएशन कर सकेंगे। कॉलेज में नई 39 सीटें बढ़ाने की मंजूरी मिली है। सबसे ज्यादा 12 सीटें मेडिसिन विभाग को मिली हैं। कॉलेज में कुल पीजी सीटों की संख्या अब 322 हो गई है।
मेडिकल के विद्यार्थी इंदौर के इस कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएशन करने को ज्यादा प्राथमिकता देते हैं, क्योंकि यहां दूसरे मेडिकल कॉलेजों की तुलना में अधिक सुविधाएं हैं। प्रदेश के किसी अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक साथ इतनी सीटें कभी नहीं बढ़ी हैं।
नई 39 सीटों में से 12 मेडिसिन विभाग, 9 पैथोलॉजी और 5 ऑर्थोपेडिक्स विभाग को मिली हैं। इसके अलावा सर्जरी, एनाटॉमी और फॉरेंसिक मेडिसिन सहित कुल 9 विभागों में नई सीटें बढ़ाई गई हैं।
नई सीटों के अनुपात में कॉलेज में जरूरी सुविधाएं भी जुटाई जाएंगी। सीटें बढ़ने का फायदा मरीजों को भी मिलेगा। कॉलेज में अध्ययनरत पीजी विद्यार्थी एमवाय अस्पताल में मरीजों का इलाज भी करते हैं। ऑर्थोपेडिक्स और सर्जरी विभाग में सीटें बढ़ने से अस्पताल में होने वाले ऑपरेशनों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है।
पहले मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की संख्या 283 थी। लंबे समय से सीटें बढ़ाने की मांग की जा रही थी। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने सरकार को प्रस्ताव सौंपा था। प्रबंधन ने नेशनल मेडिकल कमीशन के निर्धारित मापदंडों को भी पूरा किया, जिसके बाद सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
