फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Indore News ›   BJP spokesperson Narendra Saluja passed away

Narendra Saluja: भाजपा के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का आकस्मिक निधन, सीने में अचानक उठा था दर्द

Wed, 30 Apr 2025 05:08 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर Published by: दिनेश शर्मा Updated Wed, 30 Apr 2025 05:08 PM IST
सार

मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का दिल का दौरा पड़ने से बुधवार को मौत हो गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बचाया नहीं जा सका। 

विज्ञापन
BJP spokesperson Narendra Saluja passed away
नरेंद्र सलूजा - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

मध्य प्रदेश के भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का बुधवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे दो दिन से एक विवाह समारोह के लिए सीहोर के रिसोर्ट में थे। बुधवार को उनके सीने में दर्द हुआ लेकिन उन्होंने गैस की समस्या समझ कर उसे गंभीरता से नहीं लिया। दोपहर में जब वह घर लौटे तो दर्द बढ़ गया और वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें निजी अस्पताल में ले गए लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 
विज्ञापन


कांग्रेस छोड़कर भाजपा में हुए थे शामिल 
इंदौर में तीन साल पहले जब राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के लिए आए थे। तब यात्रा की तैयारी की सिलसिले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ वे इंदौर के गुरुद्वारे गए थे। वहां कमलनाथ का विरोध हुआ। इस घटना से नाथ सलूजा को लेकर नाराज थे। इसके बाद सलूजा ने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा ने सलूजा को प्रदेश प्रवक्ता बनाया था और वे काफी सक्रिय थे। 
विज्ञापन


नाश्ते के बाद हो गई थी तबीयत खराब
सलूजा अपने एक मित्र की बेटी की शादी के लिए दो दिन से रिसोर्ट में रुके थे। उनके साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह भी थी। नाश्ते के बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी, तो उन्होंने कहा कि मुझे ठीक नहीं लग रहा है।  दोपहर में सलूजा गुरुद्वारा में होने वाले फेरे में भी इस कारण शामिल नहीं हो पाए और सीधे इंदौर लौट आए, लेकिन घर जाते ही तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- इंदौर के मध्य हिस्से में बनेेगा भारत वन, पोलोग्राउंड मेें 36 एकड़ क्षेत्रफल में लेगा आकार

भाजपा में शामिल होने के बाद भी बनाई अलग पहचान
नरेंद्र सलूजा अपने तर्कों, हाजिरजवाबी और संतुलित विचारों के कारण पहचाने जाते थे। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा-दोनों ही दलों में एक विशिष्ट पहचान बनाई थी। राजनीतिक जगत में उन्हें एक सौम्य और समझदार नेता के रूप में जाना जाता था। मध्यप्रदेश में कांग्रेस शासनकाल के दौरान वे तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के भरोसेमंद सहयोगी माने जाते थे। 2022 में पार्टी के भीतर मतभेद के चलते उन्होंने कांग्रेस से नाता तोड़ लिया और भाजपा का दामन थाम लिया। उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा की सदस्यता दिलाई थी। उनकी सदस्यता को खास बनाने के लिए सीएम हाउस में कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसके बाद वे भाजपा में भी तेजी से सक्रिय और प्रभावशाली भूमिका में नजर आने लगे।

सलूजा सोशल मीडिया, खासकर ट्विटर पर बेहद सक्रिय रहते थे। अपने तीखे और चुटीले ट्वीट्स के जरिए वे अक्सर कांग्रेस पर निशाना साधते थे और पार्टी की विचारधारा का प्रभावी ढंग से बचाव करते थे। भाजपा प्रवक्ता के रूप में उनके वक्तव्य हमेशा सधे हुए और प्रभावशाली होते थे, जिससे उन्होंने पार्टी में अलग पहचान बनाई।  

ये भी पढ़ें- 17 किलोमीटर तक बिछ गए मेट्रो ट्रेन के ट्रैक, छह माह बाद होगा ट्रायल रन; जानें

यह थी भाजपा में जाने की वजह 
2022 में गुरुनानक जयंती पर इंदौर के खालसा कॉलेज में कार्यक्रम था। इसमें कमलनाथ भी गए थे। जिस पर कीर्तनकार भड़क गए थे और अपमानित कर नाथ को वहां से निकल जाने को मजबूर किया गया। इसे लेकर कमलनाथ ने नरेंद्र सलूजा को उनके मीडिया कॉर्डिनेटर समेत पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। खालसा कॉलेज विवाद की वजह से राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा के इंदौर प्रवास के दौरान पड़ाव का स्थल भी बदलना पड़ा। इसके बाद नरेंद्र सजूला ने 25 नवंबर 2022 को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।


दो घंटे पहले किया आखिरी ट्वीट
नरेंद्र सलूजा के एक्स अकाउंट से 2 बजकर 54 मिनट पर आखिरी ट्वीट किया गया था। उन्होंने अक्षय तृतीया की बधाई प्रेषित की थी। वहीं करीब 1 बजे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी। 

सीएम ने जताया शोक
सलूजा के निधन की खबर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता, प्रखर वक्ता, युवा साथी श्री नरेंद्र सलूजा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत ही दुखद और स्तब्धकारी है। मृदुभाषिता, सरलता और सहजता उनके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा रहा, संगठन के प्रति उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा। मेरी संवेदनाएँ शोक-संतप्त परिवारजनों और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ।।ॐ शांति।।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी शोक संवेदना जाहिर की है। उन्होंने लिखा कि विश्वास करना कठिन है कि भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता और मेरे मित्र नरेंद्र सलूजा जी अब हमारे बीच नहीं रहे। सलूजा जी के निधन का दु:खद समाचार सुनकर मैं स्तब्ध हूं। मन तकलीफ और पीड़ा से भरा हुआ है। अपने शब्द बाणों और चुटीले व्यंग्यों से वे विपक्ष को करारा जवाब देते थे, तो हम मित्रों को भी गुदगुदाते थे। चाहे जनहित के मुद्दों को प्रखरता से रखने की बात हो या पार्टी की विचारधारा के प्रसारण की; सलूजा जी अकेले ही सब पर भारी पड़ते थे। सलूजा जी ऊर्जा से भरे जिंदादिल व्यक्तित्व थे। उनका असमय जाना पार्टी और हम सभी मित्रों की गहरी क्षति है। वे भले हमें छोड़कर अनंत यात्रा पर चले गए हैं किन्तु उनकी स्मृतियां सदैव हमारे साथ हैं। सलूजा जी, आप बहुत याद आओगे। विनम्र श्रद्धांजलि!

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed