मध्यप्रदेश में 60 लाख फर्जी वोटर, कांग्रेस ने बताया बीजेपी की साजिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश चुनावों से पहले वोटर लिस्ट में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। बीजेपी पर मतदाता सूची में धांधली करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने चुनाव आयोग से जांच की मांग की है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए फर्जी मतदाता सूची बनाने में शामिल अफसरों पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने चुनाव आयोग से अनुरोध किया है कि फर्जी वोटरों को रोकने के लिए वह आधार और तकनीक की भी सहायता ले।
60 लाख फर्जी वोटर
रविवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनाव आयोग से 1 जनवरी, 2018 को प्रकाशित हुई वोटर लिस्ट में 60 लाख फर्जी वोटरों के होने की शिकायत की। उन्होंने पूरी वोटर लिस्ट पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग से इस फर्जीवाड़े की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को 192 विधानसभाओं में शामिल फर्जी मतदाताओं की सीडी भी सौंपी है।
आधार कार्ड का करें इस्तेमाल
कमलनाथ ने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके ऐसे फर्जी वोटरों की धड़पकड़ करे। यह पूछे जाने पर कि क्या वे वोटर आईडी को आधार कार्ड से लिंक करना चाहिए, तो उन्होंने सवाल उठाया कि देश में अभी सभी लोगों के पास आधार कार्ड नहीं हैं, ये चुनाव आयोग के ऊपर है कि वह किस टेक्नोलाजी के जरिए फर्जी वोटरों पर रोक लगा कर सही सूची पेश करे।
फर्जीवाड़े पर क्यों चुप है बीजेपी
कलमनाथ के मुताबिक नई मतदाता सूची के मुताबिक मध्य प्रदेश में 24 फीसदी आबादी बढ़ी है, तो वहीं मतदाताओं की संख्या 40 फीसदी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य में चुनावों से पहले जानबूझ कर फर्जी वोटर लिस्ट बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस फर्जी वाड़े की शिकायत कांग्रेस कर रही है, लेकिन बीजेपी इस प्रकरण पर चुप है। उन्होंने बीजेपी पर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम देने का आरोप लगाया।
'प्रजातंत्र और संविधान खतरे में'
वहीं चुनाव आयोग को शिकायत देने गए कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल में शामिल मध्य प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी के इंचार्ज ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रजातंत्र और संविधान दोनों खतरे में है। उन्होंने कहा कि जो सबूत रखे जा रहे हैं, वह मध्यप्रदेश सरकार की मंशा को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि कई मतदाताओं के नाम उनके पिता के नाम समेत आसपास के कई पोलिंग बूथ में मिले हैं।
192 विधानसभाओं में की जांच
सिंधिया ने कहा कि 101 विधानसभाओं में जांच कराने पर 24 लाख 65 हजार फर्जी वोटर मिले हैं। वहीं 91 विधानसभाओं में जब जांच कराई गई, तो वहां 27 लाख फर्जी वोटर मिले। उन्होंने कहा कि 5 करोड़ की आबादी वाले मध्य प्रदेश में 12-13 फीसदी वोटर फर्जी हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस रणनीति के आधार पर बीजेपी यह साजिश रच रही है?
चुनाव आयोग से की 5 मांग
सिंधिया ने बताया कि चुनाव आयोग से मुलाकात के दौरान उन्होंने 5 मांगे रखी हैं, जिसमें मतदाता सूची की दोबारा जांच करके 31 जुलाई, 2018 तक नई सूची जारी की जाए। साथ ही उन्होंने जांच करने वाले रिटर्निंग अफसर के एफिडेविट देने की मांग की। साथ ही उन्होंने मांग की कि सूची में शामिल फर्जी लोगों के खिलाफ सेक्शन-32 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए और इस फर्जीवाड़े में शामिल अधिकारियों को 5-6 साल तक किसी भी चुनावी प्रक्रिया में शामिल होने से रोका जाए।
पूरे देश में गड़बड़ी का अंदेशा
वहीं मीडिया से बातचीत में सिंधिया ने अंदेशा जताया कि पूरे देश की मतदाता सूची में भी कुछ ऐसी ही धांधली सामने आ सकती है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि ऐसे राज्य जो मध्यप्रदेश की सीमा से सटे है, जिनमें छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश शामिल हैं, वहां की मतदाता सूचियों की भी जांच की जाए।
