ग्वालियर: 23 हजार की रिश्वत लेने वाले बिजली कंपनी के दो अफसरों को 4-4 साल की सजा, फैसला आते ही जेल भेजा
अवैध बिजली कनेक्शन के मामले को रफा-दफा करने के लिए 23 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले बिजली कंपनी के दो पूर्व अधिकारियों को विशेष अदालत ने चार-चार साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
विस्तार
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत ने अवैध बिजली कनेक्शन के मामले में 23 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के दो तत्कालीन अधिकारियों को दोषी ठहराते हुए चार-चार साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश साबिर अहमद खान ने पूर्व सहायक यंत्री रोहित सेंगर और पूर्व कनिष्ठ यंत्री अनूप कुमार पर 24-24 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। फैसला सुनाए जाने के तुरंत बाद अदालत ने दोनों दोषियों की जमानत निरस्त कर उन्हें हिरासत में ले लिया और ग्वालियर केंद्रीय जेल भेज दिया। यह मामला वर्ष 2018 का है, जिसमें शिकायतकर्ता के अदालत में अपने बयानों से मुकरने के बावजूद डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों अधिकारियों को सजा सुनाई गई।
अवैध कनेक्शन के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
मामले के विवरण के अनुसार ग्वालियर के गेंडे वाली सड़क स्थित न्यू शांति नगर निवासी योगेंद्र साहू के मकान की ऊपरी मंजिल पर जनवरी 2018 के शुरुआती दिनों में निर्माण कार्य चल रहा था। इस निर्माण कार्य के दौरान वहां काम कर रहे मजदूरों ने रोशनी के लिए पास के बिजली के खंभे से सीधे तार जोड़कर अवैध बिजली कनेक्शन ले लिया था। जब लक्ष्मीगंज जोन की जांच टीम ने मौके पर निरीक्षण किया, तो उन्होंने इस अवैध कनेक्शन को पकड़ लिया और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
इसके अगले दिन योगेंद्र साहू मामले के सिलसिले में लक्ष्मीगंज स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचे। वहां मौजूद तत्कालीन सहायक यंत्री रोहित सेंगर और कनिष्ठ यंत्री अनूप कुमार ने उन्हें डराते हुए कहा कि यदि बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया, तो उन्हें सालाना 60 हजार से 65 हजार रुपये तक का भारी-भरकम बिल भरना पड़ सकता है। अधिकारियों ने मामला रफा-दफा करने के बदले में 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
ये भी पढ़ें: ओरछा पहुंचे दिग्विजय सिंह: पूर्व सीएम ने पत्नी संग की रामराजा सरकार की पूजा, मंदिर में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए
लोकायुक्त पुलिस की टीम ने ऐसे बिछाया था जाल
रिश्वत की मांग से परेशान होकर योगेंद्र साहू ने 5 जनवरी, 2018 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को एक वॉयस रिकॉर्डिंग उपकरण देकर बिजली कार्यालय भेजा। वहां बातचीत और मोलभाव के बाद रिश्वत की अंतिम राशि 23 हजार रुपये तय हुई।
अगले दिन 6 जनवरी 2018 को लोकायुक्त की टीम ने बिजली कार्यालय में सुनियोजित तरीके से ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता ने सहायक यंत्री रोहित सेंगर के इशारे पर कार्यालय में रखी खाली मेज की ऊपरी दराज में 23 हजार रुपये की रिश्वत राशि रख दी। पैसे रखे जाते ही वहां पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
भ्रष्टाचार समाज में कैंसर की तरह
अदालत में मुकदमे की सुनवाई के दौरान उस समय नया मोड़ आया जब शिकायतकर्ता योगेंद्र साहू अपने पूर्व में दिए गए बयानों से मुकर गए। अदालत ने उन्हें पक्षद्रोही घोषित कर दिया। इसके बावजूद अभियोजन पक्ष ने मामले को मजबूती से आगे बढ़ाया और अदालत के समक्ष ऑडियो रिकॉर्डिंग की लिखित प्रतिलिपि, सोडियम कार्बोनेट घोल से जुड़ी विधि विज्ञान प्रयोगशाला की सकारात्मक रिपोर्ट पेश की। इसके साथ ही ट्रैप टीम के सदस्यों और स्वतंत्र गवाहों के बयान भी प्रस्तुत किए।
अदालत ने इन सभी साक्ष्यों को अत्यंत महत्वपूर्ण माना। विशेष न्यायाधीश साबिर अहमद खान ने अपने फैसले में टिप्पणी करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार समाज में कैंसर की तरह पनपती हुई समस्या है। ऐसी प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए सख्त सजा की आवश्यकता है।

