गुना: सात दिन पहले ज्ञापन, फिर भी कार्रवाई नहीं; चाचौड़ा बायपास के गड्ढों में नागरिकों ने लगाए पौधे
चाचौड़ा-बीनागंज के जर्जर बायपास की मरम्मत नहीं होने पर नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध किया। गड्ढों में पौधे लगाकर और सद्बुद्धि यज्ञ कर जिम्मेदारों से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।
विस्तार
गुना शहर की बदहाल सड़कों को लेकर अब विरोध का तरीका भी लोगों ने अलग अंदाज में अपनाना शुरू कर दिया है। लंबे समय से जर्जर पड़े चाचौड़ा बायपास की हालत को लेकर शनिवार को नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित किया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पौधे लगाकर जिम्मेदारों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया गया। इस दौरान सद्बुद्धि यज्ञ भी किया गया।
आयोजकों का कहना था कि बायपास मार्ग लंबे समय से खराब हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खराब हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि गड्ढा कितना गहरा है और वाहन को किस तरह निकाला जाए।
पूर्व युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव सौरभ यादव ने बताया कि चाचौड़ा-बीनागंज क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के साथ बायपास सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन दिए सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन सड़क की स्थिति में सुधार के लिए कोई ठोस कदम दिखाई नहीं दिया। इसी के चलते शनिवार को सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित कर जिम्मेदार अधिकारियों और नगर परिषद का ध्यान आकर्षित किया गया।
पढ़ें: हेलीपैड का तीन क्विंटल वजनी गेट बच्चों पर गिरा, चार साल की दिव्या की मौत; भाई घायल
यादव ने कहा कि बायपास पर बड़े-बड़े गड्ढे आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़क की मरम्मत केवल अस्थायी रूप से गड्ढे भरने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. संजय मीना ने कहा कि शहर के लोगों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए। उन्होंने बायपास सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से खराब सड़क के कारण रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व शहर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और जनहित से जुड़ा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य किसी तरह का विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि नगर की मूलभूत समस्याओं को जिम्मेदारों के सामने प्रभावी तरीके से रखना है।
कार्यक्रम के दौरान सड़क के गड्ढों में पौधे लगाना लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। आयोजकों ने कहा कि यह तरीका प्रतीकात्मक रूप से यह बताने के लिए अपनाया गया कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो गड्ढों की स्थिति कितनी गंभीर हो सकती है। सद्बुद्धि यज्ञ के माध्यम से भी जिम्मेदारों से जनहित में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की गई।
