Khajuraho Dance Festival: खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 तक, राज्यपाल मंगूभाई पटेल आज करेंगे शुभारंभ
49वें खजुराहो नृत्य समारोह में इस बार भी भरत नाट्यम से लेकर कथक, कुचिपुड़ी तक तमाम नृत्य शैलियों का आयोजन किया जाएगा। राज्यपाल मंगूभाई पटेल सोमवार को समारोह का शुभारंभ करेंगे।
विस्तार
चंदेलों का गांव खजुराहो, एक बार फिर सुर-लय और ताल के आगोश में खो जाने को तैयार है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में 'खजुराहो नृत्य समारोह-2023' का शुभारंभ सोमवार 20 फरवरी को होने वाला है और यह समारोह 26 फरवरी तक चलेगा। राज्यपाल मंगूभाई पटेल आज इस समारोह का शुभारंभ करेंगे। 49वें खजुराहो नृत्य समारोह में इस बार भी भरत नाट्यम से लेकर कथक, कुचिपुड़ी तक तमाम नृत्य शैलियां सांस्कृतिक वैभव का बयान करेंगी।
मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग और उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा आयोजित इस समारोह में देश-दुनिया के लोकप्रिय कलाकार अपनी नृत्य प्रस्तुतियां देने के लिए खजुराहो आ रहे हैं।
खजुराहो नृत्य समारोह-2023 में क्या होगा खास
राज्यपाल मंगुभाई पटेल 20 फरवरी को 7 बजे खजुराहो नृत्य समारोह-2023 का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास और अध्यात्म विभाग मंत्री उषा ठाकुर एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा उपस्थित रहेगी। समारोह में मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे एवं विजेता कलाकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगेगी। संस्कृति विभाग के अन्तर्गत उस्ताद अलाद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के साथ मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण एवं छतरपुर जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से इस समारोह को आयोजित किया जा रहा है।
ये रहेंगे समारोह के आकर्षण
समारोह के दौरान भारतीय नृत्य-शैलियों के सांस्कृतिक परिदृश्य एवं कला-यात्रा की प्रदर्शनी कथक पर एकाग्र-नेपथ्य, भारत सहित विश्व के अन्य देशों की कला प्रदर्शनी आर्ट-मार्ट, भारत एवं पांच देशों के नृत्य कलाकारों द्वारा नृत्य की नई भाषा का संधान-कोरियो लैब-लय प्रवाह, कलाकार और कलाविदों का संवाद-कलावार्ता, वरिष्ठ चित्रकार शुभा वैद्य की कला अवदान पर एकाग्र प्रदर्शनी- प्रणति, देशज ज्ञान एवं परम्परा का मेला-हुनर के साथ टेराकोटा और सिरेमिक राष्ट्रीय प्रदर्शनी कार्यशाला-समष्टि जैसे प्रमुख आयोजन होंगे।
पर्यटन गतिविधियां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ कला प्रेमी पर्यटन गतिविधियों का आनंद भी उठा सकेंगे। पर्यटक क्षेत्र विशेष की संस्कृति, धरोहर, परंपराओं, रीति-रिवाजों और खान-पान से रूबरू हो सकेंगे। समारोह में पर्यटन कैम्पिंग, विलेज टूर, वॉक विद पारदी, ई-बाइक टूर, सेग-वे टूर, वाटर एडवेंचर जैसी रोचक गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ स्थानीय संस्कृति, कला और स्थानीय बुंदेली व्यंजनों के स्वाद का लुत्फ उठा सकेंगे।
आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सजेगी शाम
- 20 फरवरी- जानकी रंगराजन-भरतनाट्यम, धीरेन्द्र तिवारी एवं अपराजिता शर्मा- कथक-भरतनाट्यम एवं प्राची शाह - कथक नृत्य
- 21 फरवरी- श्रीलक्ष्मी गोवर्धनन- कुचिपुड़ी, मैथिल देविका, धनूप पी.के एवं अर्जुन कुलथिंगल की त्रयी मोहिनी अट्टम नृत्य, वैभव आरेकर एवं साथी भरत नाट्यम
- 22 फरवरी- प्रतीशा सुरेश- सत्रिया नृत्य, हिमांशी कटरगड्डा एवं आरती नायर- भरतनाट्यम एवं कुचिपुड़ी जुगलबंदी तथा कदम्ब सेंटर फॉर डांस- कथक नृत्य।
- 23 फरवरी- रामली इब्राहिम व साथी ओडिसी नृत्य, संजुक्ता दास- एकल कथक प्रस्तुति और तेजस्वनी साठे व साथी समूह कथक प्रस्तुति।
- 24 फरवरी को आकाश मलिक एवं रुद्र प्रसाद राय का कथकली, शाश्वती गराई घोष- ओडिसी एवं बाला विश्वनाथ एवं प्रफुल्ल सिंह गेहलोत- भरत नाट्यम-कथक नृत्य की जुगलबंदी।
- 25 फरवरी- जननी मुरली का भरतनाट्यम, वैजयंती काशी एवं साथी का कुचिपुड़ी समूह नृत्य, निवेदिता पांड्या एवं सौम्य बोस की कथक ओडिसी जुगलबंदी तथा गजेन्द्र कुमार पंडा-त्रिधारा का ओडिसी समूह नृत्य।
- 26 फरवरी- गोपिका वर्मा का मोहिनी अट्टम, अरूपा लाहिरी व साथी मोहिनी अट्टम, ओडिसी व भरतनाट्यम की त्रिगुलबंदी तथा पुष्पिता मिश्रा एवं साथी का ओडिसी समूह नृत्य होगा।
प्रवेश निःशुल्क
बता दें कि खजुराहो नृत्य समारोह भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों पर केन्द्रित है और राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है। समारोह में सभी दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
