दतिया: आधी रात सबस्टेशन में घुसे लोग, ऑपरेटर से मारपीट के बाद चार राउंड फायरिंग का आरोप; तीन लाख का नुकसान
इंदरगढ़ के ररुआराय 33/11 केवी सबस्टेशन में आधी रात हंगामे, ऑपरेटर से मारपीट और चार राउंड फायरिंग का आरोप है। तोड़फोड़ से विद्युत उपकरण और रिकॉर्ड क्षतिग्रस्त हुए। विभाग ने करीब तीन लाख रुपये नुकसान बताया, जबकि बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
विस्तार
दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ररुआराय स्थित 33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन में शुक्रवार की आधी रात हंगामे और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग अचानक सबस्टेशन परिसर में पहुंचे और ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर के साथ मारपीट की। इसके बाद धमकाने और हवा में चार राउंड फायर करने का भी आरोप लगाया गया है। हंगामे के दौरान सबस्टेशन में लगे विद्युत उपकरणों और जरूरी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने के साथ ऑपरेटर का मोबाइल फोन और 2570 रुपये नकद ले जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग ने तोड़फोड़ के कारण करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। वहीं, सबस्टेशन से जुड़े पंप और आबादी फीडर प्रभावित होने से बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।
रात में अचानक पहुंचे कई लोग
विद्युत कंपनी के कनिष्ठ यंत्री इंदरगढ़ की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार बाह्य स्रोत कर्मचारी पारस गुर्जर की ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। रात करीब पौने एक बजे कुछ लोग सबस्टेशन परिसर में पहुंचे। आवेदन में ग्राम उचिया निवासी नकुल कमरिया, आलोक कमरिया, अजय पाल, अरुण पटेल कमरिया और संदीप कमरिया सहित अन्य लोगों के वहां पहुंचने का उल्लेख किया गया है।
पढ़ें: क्लास में टीचर बनकर बच्चों को पढ़ाया, लापरवाही पर प्राचार्य-शिक्षक को थमाया नोटिस
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौके पर पहुंचने के बाद इन लोगों ने ऑपरेटर के साथ विवाद किया। विवाद बढ़ने पर पारस के साथ मारपीट की गई और उसे धमकाया गया। इसी दौरान फायरिंग की आवाज सुनाई देने से आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया।
उपकरणों और रिकॉर्ड में तोड़फोड़ का आरोप
हंगामे के दौरान सबस्टेशन में रखे विद्युत उपकरणों के साथ तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है। शिकायत के मुताबिक फीडरों की स्ट्रिप, बैटरी सेट, बैटरी चार्जर सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। इसके अलावा परमिट बुक और लोड मेंटेनेंस बुक जैसे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है। विद्युत विभाग का दावा है कि पंप और आबादी फीडर से जुड़े मीटरों को भी नुकसान पहुंचा है। तोड़फोड़ के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और संबंधित फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोबाइल और नकदी ले जाने का आरोप
शिकायत में ऑपरेटर का मोबाइल फोन और 2570 रुपये नकद ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद ऑपरेटर ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को आवेदन दिया गया। विभाग ने क्षतिग्रस्त सामान का आकलन करते हुए करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इंदरगढ़ थाना पुलिस को घटना की शिकायत प्राप्त हो गई है। थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस को शिकायती आवेदन मिला है। आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों, फायरिंग और तोड़फोड़ से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सबस्टेशन में विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और वहां पहुंचे लोगों का उद्देश्य क्या था। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, बिजली आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र में आधी रात हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
