{"_id":"5f12cb2ff6b69446303d9030","slug":"coronavirus-impact-in-madhya-pradesh-salary-of-employees-in-tourism-corporation-is-reduced-by-15-to-40-percent-from-this-month","type":"story","status":"publish","title_hn":"मध्यप्रदेश: इस माह से पर्यटन निगम में कर्मचारियों के वेतन में 15 से 40 प्रतिशत तक कटौती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मध्यप्रदेश: इस माह से पर्यटन निगम में कर्मचारियों के वेतन में 15 से 40 प्रतिशत तक कटौती
Sat, 18 Jul 2020 03:43 PM IST
देव कश्यप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: देव कश्यप
Updated Sat, 18 Jul 2020 03:43 PM IST
विज्ञापन
मध्यप्रदेश पर्यटन भवन
- फोटो : MPSTDC
मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम ने 'कोरोना काल' में कर्मचारियों के वेतन में कटौती का फैसला लिया है। इस माह से पर्यटन निगम में कर्मचारियों के वेतन में 15 से 40 प्रतिशत तक कटौती की जाएगी। इस दौरान की गई कटौती का 2021-22 में 12 किस्तों में बिना ब्याज के भुगतान होगा।
विज्ञापन
कोरोना के असर के चलते पर्यटन निगम में अधिकारी-कर्मचारियों के वेतन में 15 से 40 फीसदी की कटौती की गई है। जुलाई के से यह कटौती लागू हो जाएगी। आउटसोर्स कर्मचारयों को भी 50 फीसदी ही भुगतान किया जाएगा। पिछले दिनों पर्यटन निगम के संचालक मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके बाद प्रबंध संचालक सोनिया मीना ने इसके आदेश जारी कर दिए।
विज्ञापन
निगम के नियमित कर्मचारियों के वेतन में एक जुलाई से 31 मार्च 2021 तक यह कटौती जारी रहेगी। इस दौरान काटी गई राशि का भुगतान कर्मचारियों को वर्ष 2021-22 में 12 समान किस्तों में किया जाएगा, लेकिन इस पर उन्हें कोई ब्याज नहीं मिलेगा। इसका असर निगम के 500 कर्मचारियों पर पड़ेगा।
विज्ञापन
आउटसोर्स कर्मचारियों को 50 फीसदी वेतन, 15 दिन ही लेंगे काम
पर्यटन निगम में आउटसोर्स कर्मचारियाें से महीने में 15 दिन काम लिया जाएगा और 15 दिन का ही भुगतान किया जाएगा। इस तरह उन्हें 50 फीसदी वेतन ही मिल पाएगा। निगम में 1700 से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारी हैं। 50 की सेवाएं भी समाप्त की गई हैं।
प्रबंधन का तर्क
निगम प्रबंधन का तर्क है कि लॉकडाउन में होटल, रेस्तरां, बार आदि बंद रहे। सोशल डिस्टेंसिंग के कारण रेस्तरां व बार की क्षमता भी 50 प्रतिशत ही रहेगी। शादी, पार्टी, काॅन्फ्रेंस, पैकेज टूर व अन्य कार्यक्रमों पर भी प्रतिबंध है।
एजेंसी कर्मचारियों को पूरे भुगतान की कार्ययोजना बनाएं : ठाकुर
इधर, पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने निगम में कार्यरत एजेंसी के कर्मचारियों को 15 दिन काम कराकर, उतने ही दिन का भुगतान करने के फैसले से असहमति जताई है। शुक्रवार को निगम की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एजेंसी के कर्मचारियों को 15 दिन का भुगतान करने के स्थान पर पूरे दिनों कार्य कराकर पूरे माह का भुगतान करने की कार्ययोजना बनाएं।
