{"_id":"5b3724334f1c1b8c278b8779","slug":"congress-slams-shivraj-singh-chauhan-to-used-kisan-sadak-nidhi-fund-to-purchase-suv-worth-rs-30-lakh","type":"story","status":"publish","title_hn":"मध्य प्रदेश: चुनाव से पहले गरमाई राजनीति, शिवराज पर लगा 30 लाख की एसयूवी खरीदने का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मध्य प्रदेश: चुनाव से पहले गरमाई राजनीति, शिवराज पर लगा 30 लाख की एसयूवी खरीदने का आरोप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Updated Sat, 30 Jun 2018 12:17 PM IST
विज्ञापन
मध्य प्रदेश विधानसभा के तीन दिवसीय मानसून सत्र की समाप्ति के बाद विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने किसान सड़क निधि योजना के पैसों से अपने लिए 30 लाख रुपये की एसयूवी गाड़ी खरीदी है। बता दें किसान सड़क निधि का फंड मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा अनुरक्षित किया जाता है। जिसे आमतौर पर मंडी बोर्ड भी कहा जाता है। इस बोर्ड का काम ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुलों का निर्माण करने के साथ उनकी देखभाल करना भी है।
विज्ञापन
विपक्षी पार्टी के नेता अजय सिंह ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब राज्य में किसान आत्महत्या कर रहे थे तब वहां के मुख्यमंत्री के लिए 30 लाख रुपये की फॉर्च्यूनर गाड़ी खरीदी गई। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि वह किसान सड़क निधी की सशक्त समिति के सह-अध्यक्ष हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि यह गाड़ी 6 जून 2017 को मंदसौर में हुए किसान गोलीकांड से महज एक महीने पहले ही खरीदी गई थी। उस वक्त गोलीकांड में करीब 5 किसानों की मौत हुई थी। उन्होंने कहा, गाड़ी खरीदने के अलावा आरटीओ एजेंट के माध्यम से गाड़ी का वीआईपी नंबर लेने के लिए करीब 32,070 रुपये भी खर्च किए गए। इस राशि में एजेंट के पैसे भी शामिल थे।
विज्ञापन
वहीं मंडी बोर्ड के प्रबंध निदेशक फैज अहमद किदवई ने इस बात की पुष्टि की है कि एसयूवी गाड़ी मुख्यमंत्री के आधिकारिक इस्तेमाल के लिए ही खरीदी गई थी। उन्होंने कहा कि वह इस बात की जांच करेंगे कि गाड़ी किस योजना के फंड से खरीदी गई। मामले पर राज्य सरकार के प्रवक्ता और संसदीय कार्य व जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
