Bhopal: एमआरआई सेंटर के चेंजिंग रूम में हिडन कैमरे से बना रहे थे महिलाओं के वीडियो, वार्डबाॅय हिरासत में
Bhopal: आरोपी ने फाॅल्स सीलिंग के पास लगे बल्व के पास हिडन कैमरा लगा रखा था। कोई भी महिला जब वहां कपड़े बदलने जाती उसकी रिकॉडिंग हो जाती थी। मामला उजागर होने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
विस्तार
राजधानी के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के मालवीय नगर स्थित मेडी स्कैन सेंटर के चेंजिंग रूम में वीडियो बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेंटर में वार्डबाॅय का काम करने वाले युवक ने फाॅल्स सीलिंग में अपना मोबाइल छिपाकर रखा था, जिससे वह कपड़े बदलने वाली महिलाओं का वीडियो बनाता था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उसके मोबाइल को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा कि आरोपी कितने दिनों से इस प्रकार की हरकत कर रहा था और वह इन वीडियो का क्या करता था।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार दोपहर के समय एक युवक अपनी पत्नी को लेकर मेडी स्कैन सेंटर पहुंचा था। उसकी पत्नी को एमआरआई करवानी थी। चेंजिंग रूम में कपड़े बदलने के बाद महिला एमआरआई करवाने पहुंची और वापस कपड़े बदलने के लिए चेजिंग रूम गई।
यहां उसे फाॅल्स सीलिंग के पास लगे बल्व के पास कुछ संदेहजनक चीज दिखी तो उसने पति को बताया। पति ने ऊपर चढ़कर देखा तो वहां पर एक मोबाइल रखा हुआ मिला, जिसमें वीडियो रिकार्डिंग चल रही थी। चेक करने पर पता चला कि करीब 27 मिनट की वीडियो रिकाॅर्ड हो चुकी है, जिसमें उसकी पत्नी के अलावा दूसरी महिलाओं की भी रिकाॅर्डिंग थी।
सेंटर के कर्मचारियों ने किया विरोध
महिला के पति ने जब घटना की जानकारी देते हुए मोबाइल धारक के बारे में पूछताछ की तो सेंटर के कर्मचारी भड़क गए। वह सेंटर को बदनाम करने की साजिश बताते हुए हंगामा करने लगे। उसके बाद युवक अपनी पत्नी को लेकर सीधे अरेरा हिल्स थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जब मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें वीडियो रिकार्डिंग मिल गई। बाद में पता चला कि यह मोबाइल सेंटर पर वार्डबाॅय का काम करने वाले विशाल ठाकुर का है। उसके बाद पुलिस टीम सेंटर पहुंची और चेंजिंग रूम को सील कर दिया।
पुलिस हिरासत में आरोपी
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि इस मामले में आरोपी वार्डबाॅय विशाल ठाकुर को हिरासत में लिया गया है। वह मूलतः उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल विधानसभा के पीछे झुग्गीबस्ती में अपनी बहन के पास रहता है। विशाल पहले मेट्रो कंस्ट्रक्शन में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। पिछले तीन महीने से वह मेडी स्कैन सेटर में काम कर रहा था। उसके मोबाइल की जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। आरोपी उक्त वीडियो का क्या करता था, इसको लेकर पूछताछ की जा रही है।
