इंदौर में वैक्सीन लगते ही जू कर्मचारी हुआ बेहोश, आंख की रोशनी हुई कम, डॉक्टर कर रहे इलाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश भर में कोविड टीकाकरण अभियान जारी है। इस बीच, मध्यप्रदेश के इंदौर में शनिवार को कोविड वैक्सीन लगवाने के बाद जू कर्मचारी के बेहाश होने का मामला सामने आया है। इंदौर के पीसी सेठी अस्पताल में शनिवार को कोरोना का टीका लगवाने के बाद 60 वर्षीय जू कर्मचारी इम्तियाज खान बेहोश होकर गिर पड़े। इस दौरान उनका ब्लड प्रेशर (बीपी) भी 200 के पार पहुंच गया। जब वह होश में आए, तो उन्होंने बताया कि उनकी एक आंख से कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है।
इम्तियाज खान को प्रारंभिक इलाज के बाद तुरंत ही एमवाय अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां खान को आईसीयू में रखा गया, जहां उनकी तबीयत अभी स्थिर बताई जा रही है। इलाज के कुछ देर बाद उन्हें उस आंख से दिखाई देना शुरू हो गया। चिकित्सकों ने बताया कि खान को यह परेशान अचानक बीपी बढ़ने के कारण हुई है। डॉक्टर ने बताया कि पीड़ित की 10 के करीब जांच कराई गई हैं। जांच रिपोर्ट आने पर ही ठोस कारण पता चल सकेगा।
बेटे ने कहा, पिता को नहीं थी कोई बीमारी
इम्तियाज के पुत्र अजीम ने आरोप लगाया है कि उनके पिता एकदम स्वस्थ्य थे, उन्हीं कोई परेशानी नहीं थी। जबकि डॉक्टर का कहना है कि उन्हें पहले से कुछ बीमारी जरूर रही होगी। जू के प्रभारी अधिकारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि इम्तियाज को बीपी और शुगर की समस्या थी। हो सकता है, उसके कारण यह स्थिति बनी हो। यादव ने बताया कि हम डॉक्टरों से संपर्क में हैं। एक आंख की रोशनी जाने की बात सामने आई है। उम्मीद है कि रविवार या सोमवार तक हालत में सुधार होगा।
टीका लगने के 26वें दिन हेल्थ वर्कर संक्रमित
इससे पहले, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना का टीका लगने के 26वें दिन एक स्वास्थ्य कर्मचारी के संक्रमित होने का मामला सामने आया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हेल्थ वर्कर को होम आईसोलेशन में रखा गया। प्रदेश में यह पहला मौका है, जब कोविड वैक्सीन का पहला डोज लगवा चुके व्यक्ति की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई।
दूसरा डोज लेने के दो हफ्ते बाद बनती है एंटीबॉडी
सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि कोविड वैक्सीन के दोनों डोज लगवाने के 15 दिन बाद वैक्सीन लेने वाले व्यक्ति में एंटीबाॅडी बनती है। ऑफिस में कार्यरत एक कर्मचारी की रिपोर्ट वैक्सीन का पहला टीका लगवाने के बाद कोविड पॉजिटिव आई है।
