MP News: बुरहानपुर का 50% कमीशन वाला पत्र शेयर कर कांग्रेस ने फिर मुद्दा गरमाया, भाजपा का पलटवार
कांग्रेस ने बुरहानपुर के समाजसेवी का हाईकोर्ट इंदौर खंडपीठ के मुख्य न्यायाधीश को लिखा पत्र शेयर किया है। साथ ही लिखा है कि शिवराज मतलब मिस्टर फिफ्टी परसेंट। वहीं, इस पर भाजपा ने पलटवार कर लिखा कांग्रेस आरोपों के आधार पर राजनीति कर रही है।
विस्तार
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने ट्वीटर हैंडल पर बुरहानपुर के समाजसेवी का लिखा पत्र शेयर किया है। साथ ही लिखा कि ग्वालियर, रीवा, सागर और निवाड़ी के बाद अब बुरहानपुर से भी पत्र वायरल हुआ है। पत्र में बुरहानपुर के बालचंद्र शिंदे नाम के व्यक्ति ने शकर कारखाने के नाम पर सरकार और जनता की राशि का गबन करने का आरोप लगाया है। शिंदे ने पत्र में भाजपा प्रवक्ता और पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस का नाम लिखकर बुरहानपुर, इंदौर एवं खंडवा कृषि उपज मंडी से शकर का कारखाना खोलने के लिए सात करोड़ रुपये लेने की बात लिखी है। पत्र में कहा गया है कि 20 साल बाद भी कारखाना खोलने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस मामले में शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मंडियों से ली राशि ब्याज के साथ अब 22 करोड़ रुपये हो गई है। पत्र में कोर्ट से मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
50% कमीशन का एक और पत्र वायरल
— MP Congress (@INCMP) August 25, 2023
ग्वालियर, रीवा, सागर और निवाड़ी के बाद अब बुरहानपुर के समाजसेवी बालचंद्र शिंदे का वायरल पत्र पढिये।
वायरल पत्र में इंदौर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से बीजेपी नेता अर्चना चिटनीस की 50% कमीशनखोरी की शिकायत।
“शिवराज मतलब मिस्टर फिफ्टी परसेंट” pic.twitter.com/6E1UkywLn1
कांग्रेस पर 20 लाख करोड़ के घोटाले ओर घपलों का आरोप
वहीं, भाजपा प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कंठ कंठ तक भ्रष्टाचार में डूबी रही है। आज वह हम पर झूठे आरोप लगा कर राजनीति करने का काम कर रही है। जिस कांग्रेस पर 20 लाख करोड़ के घोटाले और घपलों का आरोप है। जिनके मंत्री उमंग सिंघार मीडिया के सामने कहते हैं कि कांग्रेस मध्य प्रदेश को लूटने आई है। वह कांग्रेस और उसके नेता हम पर आज आरोप लगाने का काम कर रहे हैं। जनता भलीभांति जानती है कि सत्ता प्राप्ति के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जाने को तैयार है। जनता ही कांग्रेस को एक फिर जवाब देगी।
