{"_id":"65b8d27789956a24860b144f","slug":"central-haj-committee-gave-the-list-of-selected-hajis-2024-01-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP News: सेंट्रल हज कमेटी ने कर लिया कुर्रा, शाम को थमा दी चयनित हाजियों की लिस्ट, 6750 करेंगे हज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP News: सेंट्रल हज कमेटी ने कर लिया कुर्रा, शाम को थमा दी चयनित हाजियों की लिस्ट, 6750 करेंगे हज
Tue, 30 Jan 2024 04:11 PM IST
शबाहत हुसैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: शबाहत हुसैन
Updated Tue, 30 Jan 2024 04:11 PM IST
सार
MP News: कभी पर्चियों पर लिखे नामों से निकलने वाले कुर्रा (लाटरी) से तय होने वाले हाजियों के नाम का सिस्टम पीछे छूट गया। कंप्यूटराइज कुर्रा अंदाजी ने भी कई साल लोगों के उत्साह को बरकरार रखा। अब इससे भी आगे चलकर डिजिटल नाम चयन ने इस जोश और उत्साह को कुछ ठंडा कर दिया है।
विज्ञापन
हज के लिए यात्रियों का चयन
- फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
हज 2024 के लिए हाजियों के नामों का चयन सेंट्रल हज कमेटी ने गुपचुप करके चुने गए हाजियों के नाम प्रदेश हज कमेटी को थमा दिए हैं। हालांकि अल सुबह कर दिए गए डिजिटल कुर्रा के बाद भी देर शाम तक हज आवेदक अपना नाम तलाशने के लिए हज कमेटी की वेबसाइट से माथापच्ची करते रहे। हज 2024 के लिए प्रदेश के आवेदकों के नामों का चयन सोमवार को कर दिया गया है। सेंट्रल हज कमेटी ने प्रदेश के कुल 9147 आवेदनों में से 6750 हाजियों का चुनाव कर दिया है। सेंट्रल हज कमेटी में किए गए इस डिजिटल कुर्रा में प्रदेश के करीब 2397 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
विज्ञापन
बिना मेहरम जाएंगी 72 महिलाएं
पिछले कुछ सालों से शुरू की गई व्यवस्था के तहत इस बार भी प्रदेश से बिना मेहरम के महिलाएं हज सफर पर जाएंगी। इसके लिए करीब 72 महिला आवेदकों का चयन किया गया है।
विज्ञापन
हज हाउस में रहा सन्नाटा
आमतौर पर हज यात्रियों के नाम तय किए जाने को लेकर प्रदेश हज कमेटी और हज हाउस में बड़ा आयोजन किया जाता रहा है। कमेटी चेयरमैन से लेकर मेहमानों की मौजूदगी यहां होती आई है। बड़ी तादाद में हज आवेदक भी यहां पहुंचकर अकीदत के सफर के लिए अपने लिए हुए फैसले को अपनी आंखों से देखते रहे हैं। लेकिन सोमवार को हुए हज कुर्रा के दौरान न तो प्रदेश हज कमेटी अध्यक्ष रफत वारसी पहुंचे और न ही कोई आयोजन कर किसी मेहमान को इसमें शामिल किया गया।
विज्ञापन
देर शाम पहुंची लिस्ट
जानकारी के मुताबिक हज 2024 के लिए प्रदेश के हाजियों का डिजिटल कुर्रा सुबह ही कर दिया गया था। सेंट्रल हज कमेटी ने इसकी सूचना प्रदेश हज कमेटी को भेज दी थी। लेकिन इस चयन से निकले नामों की सूची कमेटी को देर शाम को मिल पाई। इस बीच अपने आवेदन पर आए फैसले को जानने के लिए आवेदक कमेटी दफ्तर में कॉल करते रहे। इधर सेंट्रल हज कमेटी की वेबसाइट पर भी इस सूची की आमद देर शाम के बाद ही हो पाई।
