{"_id":"6afc3c9be0844f20c00aee78","slug":"two-bikes-collided-head-on-killing-three-people-including-an-innocent-child-and-seriously-injuring-four-others-anuppur-news-c-1-1-noi1222-4942929-2026-11-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"अनूपपुर में हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, मासूम समेत तीन की मौत; चार गंभीर घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अनूपपुर में हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, मासूम समेत तीन की मौत; चार गंभीर घायल
Tue, 17 Nov 2026 07:09 PM IST
अनूपपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अनूपपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अनूपपुर
Published by: अनूपपुर ब्यूरो
Updated Tue, 17 Nov 2026 07:09 PM IST
सार
अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के खोडरी गांव में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसे में तीन लोग गंभीर घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने में करीब तीन घंटे लगे।
विज्ञापन
अस्पताल में उपचार रत घायल
विस्तार
कोतमा थाना क्षेत्र के खोडरी गांव स्थित जर्राटोला पंचायत के आरोग्यधाम अस्पताल के पास मंगलवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बिजुरी थाना अंतर्गत छतई गांव निवासी खुमान सिंह (34) अपनी पत्नी ज्योति अगरिया (30) और तीन बच्चों के साथ पिपरटोला, थाना बिजुरी से अपने गांव लौट रहे थे। उनकी बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे। वहीं, दूसरी बाइक पर निमहा गांव निवासी दो सगे भाई हीरा सिंह और अंतराज सिंह गोंड़ सवार थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में खुमान सिंह, उनके चार वर्षीय बेटे ऋषि सिंह और दूसरी बाइक पर सवार हीरा सिंह गोंड़ की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में खुमान सिंह की पत्नी ज्योति, सात वर्षीय बेटा रितिक और दूसरी बाइक पर सवार अंतराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ढाई वर्षीय बच्चा अंश सुरक्षित रहा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- पुराने मकान को गिराते वक्त दर्दनाक हादसा, जेसीबी से गिरी दीवार के मलबे में दबने से मासूम की मौत
विज्ञापन
तीन घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार
हादसे के बाद घायलों को करीब एक बजे कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध होने में करीब तीन घंटे लग गए। इस दौरान गंभीर रूप से घायल ज्योति, उनके बेटे रितिक और अंतराज को अस्पताल में इंतजार करना पड़ा। शाम करीब चार बजे एंबुलेंस पहुंचने के बाद पुलिस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल अनूपपुर भेजा गया। घायलों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही एसडीओपी आरती शाक्य और थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। एसपी अंकित सोनी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर होने के कारण वे फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

