Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Anuppur News ›   No-confidence motion passed against Pasan Municipal Council Vice President

एमपी: निर्दलीय पार्षद से उपाध्यक्ष बने अजय यादव की कुर्सी गई, 14 पार्षदों ने किया अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन

Wed, 11 Nov 2026 07:17 PM IST
अनूपपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अनूपपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अनूपपुर Published by: अनूपपुर ब्यूरो Updated Wed, 11 Nov 2026 07:17 PM IST
सार

अनूपपुर की पसान नगर पालिका में उपाध्यक्ष अजय यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव 14-4 मतों से पारित हो गया। मंगल भवन निर्माण सहित अन्य कार्यों को लेकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

 

विज्ञापन
No-confidence motion passed against Pasan Municipal Council Vice President
अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद पार्षदों को माला पहनाते नगर पालिका अध्यक्ष

विस्तार

विज्ञापन

अनूपपुर जिले की पसान नगर पालिका के उपाध्यक्ष अजय यादव के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को पारित हो गया। मतदान के दौरान 14 पार्षदों ने प्रस्ताव के समर्थन में, जबकि 4 पार्षदों ने इसके विरोध में मतदान किया। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के साथ ही अजय यादव उपाध्यक्ष पद से हट गए। इसके बाद नगरपालिका में उपाध्यक्ष का पद रिक्त हो गया है। अब नए उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। नगरपालिका के वर्तमान कार्यकाल में करीब 10 महीने शेष हैं।

जानकारी के अनुसार, पसान नगर पालिका में कुल 18 वार्ड हैं। नगरपालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह के नेतृत्व में 17 पार्षदों ने 12 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए आवेदन सौंपा था। इसके बाद कलेक्टर ने मतदान की तारीख निर्धारित की। बुधवार को सुबह 11 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जो दोपहर 2 बजे तक चली। अनूपपुर एसडीएम प्राशी अग्रवाल निर्वाचन अधिकारी के रूप में मौजूद रहीं। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम के साथ कोतमा और भालूमाड़ा थाने तथा फुनगा पुलिस चौकी का पुलिस बल तैनात रहा।

विज्ञापन

मंगल भवन के निर्माण को लेकर शुरू हुआ था विवाद
नगरपालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह और उपाध्यक्ष अजय यादव के बीच निर्माण कार्यों को लेकर लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। विवाद की प्रमुख वजह भालूमाड़ा में एसईसीएल की भूमि पर प्रस्तावित मंगल भवन का निर्माण बताया जा रहा है। इस भूमि पर मंगल भवन का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इस पर तत्कालीन उपाध्यक्ष अजय यादव ने नगरीय निकाय विभाग के अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

शिकायत के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय, शहडोल ने निर्माण कार्य पर कुछ दिनों के लिए रोक लगा दी थी। इसी मामले को लेकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच विवाद और गहरा गया था।

अध्यक्ष रामअवध सिंह ने आरोप लगाया था कि उपाध्यक्ष ने नगरपालिका के प्रस्तावित और निर्माणाधीन कार्यों को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। साथ ही अन्य पार्षदों को भी भड़काया गया। निर्माण कार्यों सहित दूसरे मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच लगातार खींचतान बनी हुई थी।

नए उपाध्यक्ष के चुनाव की तैयारी
अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद अब नगरपालिका में नए उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया का इंतजार है। आगामी दिनों में चुनाव की तारीख घोषित होने की संभावना है। इस संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह ने कहा कि अजय यादव भाजपा के उपाध्यक्ष प्रत्याशी नहीं थे। उन्होंने निर्दलीय पार्षद के रूप में चुनाव जीता था और उपाध्यक्ष बनने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अजय यादव लगातार अपनी ही नगरपालिका के विकास कार्यों में रुकावट डाल रहे थे। वहीं, भाजपा के मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने कहा कि पार्टी की ओर से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया था, लेकिन पार्टी के प्रयास सफल नहीं हो सके।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed