दुष्कर्म से बचने के लिए डंपर से कूदी गर्भवती महिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्यप्रदेश के भोपाल में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक गर्भवती महिला ने ट्रक ड्राइवर और उसके साथी से अपनी जान बचाने के लिए चलते डंपर से छलांग लगा दी। आरोपी महिला से दुष्कर्म का प्रयास कर रहे थे।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार आरोपियों ने महिला के पति को भी जमकर पीटा, उसे भी जान बचाने के लिए चलते ट्रक से छलांग लगानी पड़ी। दोनों घायल पति पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां गर्भवती महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
वाकया रविवार दोपहर का है, पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान रईस खान (28) के रूप में हुई है, उसे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से हिरासत में लिया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 354 और 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार बारखेडा पठानी क्षेत्र में रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती ने अपने पति के साथ रेत ढोने वाले डंपर में कहीं जाने के लिए लिफ्ट ली थी। डंपर ड्राइवर रईस खान ने पति पत्नी को अपने डंपर में बैठा लिया।
पति पत्नी को लिफ्ट देकर बैठाया, फिर की पिटाई
कुछ दूर जाकर उसने पति की पिटाई करते हुए युवती के साथ बलात्कार करने का प्रयास किया। आरोपी ड्राइवर ने पति पत्नी को उसकी बात न मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस पर अपनी जान बचाने के लिए पति पत्नी दोनों ने चलते डंपर से छलांग लगा दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
उन्हें रास्ते में पड़े देख राहगीरों ने 108 एंबुलेंस पर फोन कर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो दिनभर की जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी ड्राइवर रईस खान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं ड्राइवर ने सभी आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि उसे नहीं पता पति पत्नी उसके खिलाफ आरोप क्यों लगा रहे हैं न ही उसे यह पता कि चलते ट्रक से दोनों क्यों कूदे थे।
