युवा संवाद सम्मेलन : आम आदमी पार्टी ने फूंका चुनावी बिगुल, मुफ्त बिजली, पानी व चिकित्सा का वादा
संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में एक ऐसे दल की सरकार है जिसकी पूरी राजनीति ही नफरत पर टिकी है। उन्होंने कहा अब युवा वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह नफरत की राजनीति करने वालों को बेनकाब करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
युवा शक्ति के बल पर आगामी विधानसभा चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी (आप) ने ‘युवा संवाद सम्मेलन’ के जरिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है। बृहस्पतिवार को यहां गांधी भवन में आयोजित सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने सरकार बनने पर जहां दिल्ली की तर्ज पर यूपी में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, शिक्षा और चिकित्सा सुविधा के साथ ही नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया, वहीं युवाओं से केजरीवाल सरकार के विकास मॉडल व नीतियों को घर-घर पहुंचाने में जुटने का आह्वान भी किया।
मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को 2022 में होने वाले विधान सभा चुनाव में प्रदेश में सत्ता बदलने के उद्देश्य से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक ऐसे दल की सरकार है जिसकी पूरी राजनीति ही नफरत पर टिकी है। उन्होंने कहा अब युवा वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह नफरत की राजनीति करने वालों को बेनकाब करें। प्रदेश सरकार में हुए तमाम घोटालों पर से पर्दा उठाने का काम भी युवा को ही करना है। कोरोना काल में आम जनता का जो अपमान सरकार ने किया है उसका बदला भी युवाओं को ही लेना होगा। रोजगार मांगने पर लाठियां खाने वाले नौजवानों को भी अपने घाव चुनाव में भाजपा को हरवाकर भरना होगा।
आप सांसद ने युवकों से वादा करते हुए कहा कि यूपी में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर नौकरी के लिए आंदोलन करने पर युवकों पर लादे गए सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर सभी रिक्त सरकारी पदों पर एक महीने के भीतर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। संजय सिंह ने दिल्ली की तर्ज पर यूपी में भी उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक बिजली, चिकित्सा सुविधा, शिक्षा मुफ्त देने के साथ ही बेरोजगार नौजवानों को 3 से 5 रुपये महीने बेरोजगारी भत्ता देने का भी वादा किया।
सभाजीत सिंह बोले, सरकार ने अपराधियों से अधिक युवकों पर ही बरसाई लाठी
आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार बदलने में सबसे बड़ी भूमिका युवा वर्ग की है, क्योंकि इस सरकार ने अपराधियों से अधिक लाठी युवकों पर ही बरसाई है। प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 4 लाख युवकों को नौकरी देने के वादे को झूठा करार देते हुए सभाजीत ने कहा कि सरकार के ऐसे दावों से युवा नाराज और निराश है। इसे आशा में बदलना है तो पहले सरकार को बदलना होगा। इसके लिए युवकों को अभी तैयार होना होगा। उन्होंने युवाओं से केजरीवाल मॉडल को प्रदेश में घर-घर ले जाने का भी आह्वान किया।
सम्मेलन में प्रदेश सह प्रभारी नदीम असरफ जायसी, ब्रजकुमारी, ब्रजलाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरबजीत सिंह मक्कड़, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, यूथ विंग प्रदेश महासचिव आकाश जायसवाल समेत अन्य कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता आप यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष फैसल वारसी ने की।