राममंदिर के लिए विश्व सिंधी समाज ने 200 किलो चांदी की ईंटें की दान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए समाज का हर वर्ग अपनी श्रद्धा के अनुसार दान दे रहा है। इसी क्रम में विश्व सिंधी सेवा संगठन से जुड़े लोगों ने गणतंत्र दिवस के दिन 200 किलो चांदी की बनीं 200 ईंटें राममंदिर के लिए दान कीं। संगठन ने यह चांदी की ईंटें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय को सौंपी। चांदी एक-एक किलो ईंट की शक्ल में थी। चांदी की ईंटों से भरे बक्से सर पर रख कर सिंधी समाज के भक्त जय श्रीराम का उद्घोष लगा रहे थे। राममंदिर के प्रति उनकी अनन्य श्रद्धा देखकर हर कोई निहाल हो उठा।
सिंधी समाज के राम भक्तों ने ईंट समर्पित करने के बाद रामलला के दर्शन भी किए। भारत के अलग-अलग प्रदेशों से ही नहीं बल्कि नेपाल समेत तीन अन्य देशों के भी सिंधी समाज के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में मौजूद थे। इसमें भाजपा के पूर्व विधायक विजय जौली भी शामिल थे जो 1992 में कारसेवा के समय लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के साथ अयोध्या आए थे।
उन्होंने कहा कि उसके बाद से अब अयोध्या आने पर उस समय की घटनाएं चलचित्र की तरह आज भी उनके मस्तिष्क में घूम रही हैं। चाहे कोई किसी भी धर्म को मानने वाला हो लेकिन वह प्रभु श्री राम के सामने नतमस्तक होता है।
विश्व सिंधी सेवा समिति के अंतरराष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. राजू मनवानी ने कहा कि विश्व सिंधी सेवा संगम, विश्व सिंधी सेवा समिति और सिंधी सेवा समिति पुणे ने मिलकर राम मंदिर के लिए 200 चांदी की ईंटें भेंट की हैं। सिंधी समाज ने ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय से निवेदन किया है कि इन ईंटों को राम मंदिर में प्रयोग किया जाए। माना जा रहा है कि सिंधी समाज की इच्छा के अनुसार इस चांदी को भगवान राम के सिंहासन या मूर्तियों में इस्तेमाल किया जाएगा।
1.40 करोड़ है चांदी की ईंटों की कीमत
विदेशों में रह रहे सिंधी समाज के लोगों के सहयोग से भगवान राम के लिए मंदिर निर्माण में एक-एक किलो की 200 चांदी की ईंटें समर्पित की गई हैं। इन ईंटों की कीमत 1.40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बनवाई के साथ हर एक ईंट की कीमत 70 हजार रुपये बताई गई।
इन ईंटों पर सिंधी समाज के देवता वरुण देव का चित्र बना हुआ है। ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने विश्व सिंधी सेवा संगठन के सभी सदस्यों को राम मंदिर के लिए सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया है।