UP: पंचायत चुनाव के चौथे चरण में 61 फीसदी मतदान
सूबे में पंचायत चुनाव का चौथा चरण गुरुवार को शांतिपूर्वक निपट गया। 74 जिलों के 191 ब्लॉकों में 704 जिला पंचायत सदस्यों व 18522 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए करीब 61 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले।
जिला पंचायत सदस्य के लिए 11734 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 97547 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने बताया कि इस दौरान कहीं से भी गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है। ऐसे में किसी भी बूथ पर पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है। चारों चरणों में मिलाकर औसतन करीब 63 फीसदी मतदान हुआ।
आगरा में मतपत्र लूटने की कोशिश
आगरा के जैदपुर के मुकुटपुर गांव में मतदान के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने मतपत्र लूटने का प्रयास किया। वहां 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें से तीन की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
आईजी कानून-व्यवस्था ए. सतीश गणेश ने बताया कि फर्रुखाबाद में भी मतदान के दौरान झड़प की शिकायत मिली। गाजियाबाद के मोदीनगर में एक प्रत्याशी ने सीओ से धक्का-मुक्की की।
एक को मतगणना, देर रात तक परिणाम
सूबे के 819 ब्लॉकों में एक नवंबर को सुबह आठ बजे जिला पंचायत सदस्यों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए हुए चुनाव की मतगणना शुरू होगी। वोटों की गिनती 18 से 20 घंटे तक चलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ऐसे में पुलिस फोर्स को भी दो पालियों में लगाने की तैयारी है। इनमें से करीब 150 संवेदनशील ब्लॉकों पर सुरक्षा बलों की अधिक संख्या में तैनाती की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने बताया कि देर रात तक सभी परिणाम आ जाएंगे।