फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Voting for Gram Pradhan election.

लखनऊ के इलाकों में 74 फीसदी हुआ मतदान

Sun, 29 Nov 2015 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ Updated Sun, 29 Nov 2015 12:01 AM IST
विज्ञापन
Voting for Gram Pradhan election.

ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्य के लिए पहले दौर के मतदान में वोटरों ने बड़े उत्साह से मताधिकार का प्रयोग किया। लखनऊ के बीकेटी व चिनहट ब्लॉक में शनिवार को 74 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। बीकेटी की 103 ग्राम पंचायतों में मतदाताओं का उत्साह कुछ ज्यादा ही दिखा। यहां 75 फीसदी वोटरों ने वोट डाला जबकि चिनहट ब्लॉक में मतदान का प्रतिशत 71 फीसदी रहा।

विज्ञापन


कुछ मतदान केंद्रों पर फर्जी पोलिंग व वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर हंगामा भी हुआ। मतदान खत्म होने के बाद पीठासीन अधिकारियों ने प्रत्याशी या उनके एजेंटों की मौजूदगी में मतपेटियों को सीलबंद कर पुलिस सुरक्षा में बीकेटी इंटर कॉलेज व फैजाबाद रोड स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक स्थित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया।
विज्ञापन


दोनों ही ब्लॉक में बने 390 बूथों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। ठंडी तेज हवाओं की परवाह न करते हुए उत्साही वोटर मतदान के लिए लाइनों में लगने शुरू हो गए। इसके चलते पहले दो घंटे में ही चिनहट ब्लॉक में 16 तो बीकेटी में 14 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। वोटरों का उत्साह शाम पांच बजे तक बना रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस नाते दर्जनों मतदान केंद्रों पर तय समयावधि के बाद भी परिसर में मौजूद वोटरों के कारण मतदान देर शाम तक चला। यही वजह रही कि बीकेटी में शाम पांच बजे तक 75 तो चिनहट में 71 फीसदी वोट पड़े।

मारपीट में बदल गई नोकझोंक

Voting for Gram Pradhan election.

दोनों ही ब्लॉक के कई मतदान केंद्रों पर प्रत्याशी समर्थकों में फर्जी पोलिंग और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर नोकझोंक हुई। चिनहट की धावा ग्राम पंचायत में मतदान खत्म होने से एक घंटा पहले दो प्रत्याशी समर्थकों के बीच यह नोकझोंक मारपीट में बदल गई।

प्रधानी का चुनाव लड़ रहे राजगोपाल यादव व भैरो सिंह के समर्थकों में एक मतदाता के फर्जी तरह से वोट डालने को लेकर बवाल शुरू हुआ। एक गुट की तरफ से हुए पथराव में दूसरे पक्ष के एक युवक का सिर फूट गया। इसके  बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे मची भगदड़ में आधा दर्जन अन्य लोगों को भी चोट आई। हंगामे के कारण यहां मतदान करीब आधे घंटे तक बाधित रहा।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दोनों पक्षों को मतदान केंद्र से हटाते हुए वोटिंग शुरू कराई। जिला प्रशासन ने पुलिस को दोनों ही पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके अलावा बीकेटी के असना, अचरामऊ, पकरामऊ व चिनहट के मुत्तकीपुर ग्राम पंचायतों में भी फर्जी मतदान को लेकर नोकझोंक हुई।

प्रेक्षक, डीएम व एसएसपी का औचक निरीक्षण
वरिष्ठ अधिकारियों ने बीकेटी के 257 और चिनहट के 133 पोलिंग बूथों का औचक  निरीक्षण किया। निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक, डीएम व एसएसपी अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंचे। जिलाधिकारी राजशेखर व एसएसपी राजेश पांडेय ने चिनहट के मकदूमपुर, खरगापुर, मलेशेमऊ, निजामपुर, मल्हौर, धौना, घेला और बीकेटी की ग्राम पंचायत अचरामऊ, रायपुर, असना, भाखामऊ व पकरामऊ सहित कई गांवों का दौरा किया।

जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों के पास लगे बैनर पोस्टर पर नाराजगी जताई। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों को इसे हटाने का निर्देश दिया। यह भी कहा कि सौ मीटर के दायरे में मौजूद प्रचार सामग्री की वीडियोग्राफी कराके आरोपी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की एफआईआर दर्ज कराएं।

चुनावी बस्तों पर भारी पड़ी प्रशासनिक सख्ती

Voting for Gram Pradhan election.

प्रशासन की सख्ती केंद्रों पर लगने वाले चुनावी बस्तों पर भारी पड़ी। डीएम के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस बल ने एजेंटों के चुनावी बस्तों को 200 मीटर के दायरे के बाहर कराके  वहां भीड़ नहीं लगने दिया। इससे मतदान के दौरान वोटरों को खान पान सामग्री बांट कर लुभाले वाले प्रत्याशियों को काफी मायूसी झेलनी पड़ी। हालांकि कई प्रत्याशी समर्थक पुलिस कर्मियों से सेटिंग करके लाइन में लगे वोटरों तक पूड़ी-सब्जी के पैकेट पहुंचाते भी दिखे।

सुबह शाम लंबी लाइन, दिन में सन्नाटा
अधिकतर मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू होने के बाद के पहले दो घंटे और खत्म होने से पहले के दो घंटों में ही वोटरों की लाइन बूथों पर लगी दिखी जबकि दिन में सन्नाटा पसरा रहा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय खरगापुर, पंचायत भवन मल्हौर, नौबस्ता चिनहट, प्राथमिक विद्यालय उनई इटौंजा और पूर्व माध्यमिक विद्यालय महिगवा और कुम्हरावा में बने मतदान केंद्रों पर दोपहर एक बजे से लेकर तीन बजे तक नाम मात्र के वोटर ही पहुंचे।

पेट्रोमेक्स की रोशनी में हुआ मतदान
बीकेटी ब्लॉक के करीब डेढ़ दर्जन मतदान केंद्रों पर शाम चार बजे के बाद मतदाताओं की लंबी लाइनों के कारण मतदान देर रात आठ बजे तक चला। पीठासीन अधिकारियों को बिजली उपलब्ध न होने पर रोशनी के लिए पेट्रोमेक्स व मोमबत्ती जलानी पड़ी। अधिकारियों को यहां बैलेट बॉक्स सील कर स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने में भी काफी देर हुई।

ट्रैक्टर, कार व बैलगाड़ी से ढोए मतदाता
प्रत्याशियों ने मतदाताओं को घर से बूथ तक लाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए। अकड़िया कला, अर्जुनपुर, शिवपुरी, अमानीगंज सहित कई अन्य ग्राम पंचायतों में दूर दराज से लोगों को मतदान केंद्रों तक लाने के लिए ट्रैक्टर, कार व बैलगाड़ी का उपयोग हुआ। इस पर वहां मौजूद पुलिस कर्मचारी भी आंख मूंदे रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed