'मैडम जी, अब तो राहुल जी की शादी करा दीजिए'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैडम जी, अब तो राहुल की शादी करा दीजिए। कब तक अपने ऊपर जिम्मेदारियों का बोझ लेती रहेंगी। गुरुवार को भुएमऊ गेस्ट हाउस से सोनिया जैसे ही बाहर निकली, उनका काफिला रोककर अमरनाथ व अन्य ग्रामीणों ने यह बातें कहीं तो सोनिया हंस पड़ीं।
राही ब्लॉक क्षेत्र के रतंसीपुर गांव निवासी अमरनाथ यहीं पर आश्रम बनाकर रहते हैं। गुरुवार अपराह्न करीब तीन बजे जैसे ही सोनिया का काफिला गेस्ट हाउस से बाहर आया, अमरनाथ व अन्य दौड़ पड़े। इस पर सोनिया ने काफिला रुकवा दिया और उनकी बात सुनी।
अमरनाथ ने बताया कि नहरों में पानी नहीं आ रहा है। फसलें सूख रही हैं। इसके लिए कुछ कीजिए, वरना किसान भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएगा। आश्रम के सुंदरीकरण के लिए भी मदद मांगी। इसी बीच अमरनाथ ने कहा मैडम राहुल गांधी की शादी करा दीजिए, कब तक आप जिम्मेदारी अपने सिर पर लेंती रहेंगी। अमरनाथ की यह बात सुन सोनिया गांधी हंस पड़ीं। इसके बाद सोनिया अमरनाथ की मांगों के निपटारे का भरोसा देकर आगे बढ़ गई।
राहुल गांधी को भी मिली थी बीवी के साथ आने की सलाह
जिस तरह से रायबरेली में सोनिया गांधी को राहुल की शादी कराने की सलाह मिली। उसी तरह से अगस्त में जब राहुल गांधी अमेठी दौरे पर आए थे तो उनको भी गांव वालों ने बीवी के साथ आने को कहा था।
ग्रामीणों से जब वे मुखातिब थे तो एक युवक बोल बैठा, ‘अकेले कब तक अउबा, यह तरह न चले । बियाह कइ ल्या, दूनो जने आवा करा।’
यह सुनकर खुद राहुल भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके थे। अमेठी के लोग कई बार राहुल से शादी करने का आग्रह कर चुके हैं। इस आग्रह में युवकों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक शामिल रहे थे।
एक बार तो मामला प्रियंका वाड्रा के सामने भी उठा था। भाई-बहन ने कभी इसका सीधा जवाब तो नहीं दिया लेकिन मुस्कुराए बिना रह भी नहीं सके।