यूपीः विकास दुबे के रिश्तेदार समेत 12 लोग दबोचे, पकड़े गए लोगों से हो रही गहन पूछताछ
- मिश्रिख इलाके में दो लग्जरी गाड़ियों में नौ असलहे और 150 कारतूस भी बरामद
- पकड़े गए लोगों से हो रही गहन पूछताछ, कुछ भी बोलने से बचते रहे अधिकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोतवाली मिश्रिख इलाके में रविवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो लग्जरी गाड़ियों को रोककर तलाशी ली। कार से भारी मात्रा में असलहे और कारतूस के साथ 12 लोग हिरासत में लिए गए हैं। पकड़े गए लोगों में कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने के आरोपी विकास दुबे का रिश्तेदार और उसके दोस्त आदि शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस अफसर अभी कुछ भी खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
बताते हैं कि कानपुर के बिकरू गांव में मुठभेड़ में शहीद हुए सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करके फरार हुए यूपी के मोस्ट वांटेड अपराधी विकास दुबे की तलाश में सभी जिलों में विशेष वाहन चेकिंग का आदेश था। इसी आदेश के क्रम में पुलिस वाहन चेकिंग पर थी। तभी दो लग्जरी गाड़ियों से आते कुछ लोग पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने शक के आधार पर गाड़ियों को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में असलहे और कारतूस बरामद हुए।
दोनों वाहनों में 12 लोग सवार थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल ने फौरन सीओ, एएसपी से लेकर एसपी को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस सभी को मिश्रिख कोतवाली न ले जाकर संदना थाने लेकर गई, जहां इन लोगों से पूछताछ का सिलसिला जारी है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो पकड़े गए 12 लोगों में कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर फरार हुए अपराधी विकास दुबे का एक रिश्तेदार भी है, जो फर्रुखाबाद (फतेहपुर) का निवासी बताया जा रहा है, जबकि अन्य लोग उसके दोस्त और करीबी बताए जा रहे हैं। मौके से बरामद नौ असलहों में सभी लाइसेंसी हैं। इनमें छह रायफल, एक बंदूक और दो पिस्टल हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक पूरी तस्वीर साफ नहीं हो सकी थी। पुलिस अफसर भी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रहे थे।
एक ही नंबर की हैं दोनों गाड़ियां
पुलिस कार्रवाई में पकड़ी गईं दोनों लग्जरी कारें एक ही नंबर की हैं। सूत्रों की मानें तो गाड़ियां एक महिला के नाम पर रजिस्टर्ड हैं। पुलिस इसकी भी जांच पड़ताल करने में लगी है।
संदना थाने में हो रही पूछताछ
भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो हिरासत में लिए गए सभी लोगों से देर रात तक संदना थाने में ही पूछताछ का दौर जारी था। जहां एएसपी साउथ, सीओ मिश्रिख, इंस्पेक्टर मिश्रिख और एसओ संदना के होने की बात सामने आ रही थी। इसके अलावा क्राइम ब्रांच से लेकर कई और टीमें भी यहां मुस्तैद थीं।
कई बिंदुओं पर हुई पूछताछ
सूत्र बताते हैं कि घंटों तक चली पूछताछ में हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस ने कई सवाल पूछे हैं। लग्जरी गाड़ियों से कहां जा रहे थे? एकसाथ इतने सारे लोगों के चलने के पीछे क्या प्लानिंग थी? किस इरादे से जा रहे थे? गाड़ियों में इतने असलहे लेकर चलने की वजह क्या है? विकास दुबे से कब बात हुई थी? क्या बात हुई? पुलिस वालों की हत्या के बाद वह कहां है? कहां पनाह ले रखी है? इस बारे में क्या जानकारी है? इन बिंदुओं पर पूछताछ हुई है, जिसमें कुछ अहम जानकारियां पुलिस को मिली हैं। ऐसा सूत्रों का दावा है।
मिश्रिख में हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी है। कई टीमें लगी हुई हैं। कई अफसर पूछताछ कर रहे हैं। अभी कुछ भी स्पष्ट बता पाने की स्थिति में नहीं हूं।
आरपी सिंह, एसपी