यूपी पुलिस के पास होंगे आधुनिक हथियार, सीएम योगी के अनुरोध पर गृहमंत्री ने दी सहमति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश के लिए कई योजनाओं और सहयोग की मांग की। गृहमंत्री, संस्कृति मंत्री और विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री से मुलाकात में कई मांगों पर सहमति भी बन गई है। मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने यूपी पुलिस को आधुनिक हथियार के साथ ही प्रदेश की सुरक्षा-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त बटालियन उपलब्ध कराने के लिए हामी भरी है।
मुख्यमंत्री शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुस्तक ‘एग्जाम वारियर्स’ का लोकार्पण करने पहुंचे दिल्ली में थे। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलकर उन्हें 21-22 फरवरी को लखनऊ में हो रही इन्वेस्टर्स समिट में आने का आमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री ने कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर उन्हें समिट का निमंत्रण देने के साथ ही उनके विभागों से जुड़ी प्रस्तावित योजनाओं को जल्द मंजूरी दिए जाने का अनुरोध किया।
गृहमंत्री से मुलाकात में मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस के आधुनिकीकरण और विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आधुनिक हथियार मुहैया कराने के प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया। प्रदेश में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कमांडो के लिए ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के साथ ही आईटीबीपी, आरएएफ, एसएसबी की अतिरिक्त बटालियन उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री को बताया कि यूपी में आधुनिक फोरेंसिक साइंस लैब और मंडल मुख्यालयों पर साइबर तथा सोशल मीडिया लैब स्थापित कराने का फैसला लिया गया है।
पेट्रोलियम मंत्रालय यूपी में करेगा 25000 करोड़ का निवेश
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रदेश में 25000 करोड़ के निवेश का भरोसा दिया है। साथ ही गोरखपुर में बायो इथेनॉल प्लांट लगाने पर सहमति जताई है। दोनों नेताओं के बीच फर्टिलाइजर कारख़ाने के काम में प्रगति, बनारस में बिछाई जा रही गेल की पाइपलाइन के काम को मार्च के पहले हफ्ते तक पूरा करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
गोरखपुर, इलाहाबाद व अयोध्या में बनेंगे म्यूजियम
केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर गोरखपुर, इलाहाबाद और अयोध्या में म्यूजियम बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए जल्द कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया है। डॉ. शर्मा ने इलाहाबाद के संगम क्षेत्र में डिजिटल कुंभ म्यूजियम तथा शिल्पग्राम के 266 करोड़ के प्रस्ताव को विशेष योजना के तहत वित्तीय अनुदान देने, अयोध्या के रामकथा संग्रहालय में डिजिटल इंटरवेंशन की योजना के लिए 14.58 करोड़ तथा एयर थियेटर में डिजिटल होलोग्राफिक रामलीला लिए 11.94 करोड़ के प्रस्ताव का अनुमोदन किया।
रेजिडेंसी लखनऊ, कलिंजर किला बांदा, मदनसागर, कीरतसागर एवं रावतपुर महोबा पर साउंड एंड लाइट शो के लिए एएसआई से अनापत्ति पत्र देने सहित अन्य मुद्दों पर भी बातचीत हुई।
लखनऊ में होगा इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मुख्यमंत्री योगी को इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल का आयोजन लखनऊ में करवाने का प्रस्ताव दिया है। सीएम ने उनसे असिस्टेंस फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी टू द स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी परियोजना के लिए शेष 56 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जल्द जारी करने का आग्रह किया। साथ ही पेटेंट सूचना केंद्र के संचालन के लिए 24 लाख के अनुदान की भी मांग रखी।
योगी ने प्रदेश में राष्ट्रीय कृषि बायो टैक्नोलॉजी संस्थान, नेशनल बायो टेक्नोलॉजी ट्रांसफर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, पूर्वी उत्तर प्रदेश में जेई व एईएस समेत अन्य बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल बायोलॉजी और बुलंदशहर स्थित भारत इम्यूनोलॉजिकल्स एंड बायोलॉजिकल्स लिमिटेड में वैक्सीन के निर्माण के लिए अत्याधुनिक केंद्र स्वीकृत करने का भी अनुरोध किया।