UPSSSC EXAM: अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर, जानिए कब से शुरू होंगी परीक्षाएं
आयोग के परीक्षा नियंत्रक के अनुसार प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 2759 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा नौ अगस्त को प्रस्तावित की गई है। वहीं सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा के 2516 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा 23 अगस्त को प्रस्तावित की गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जून से सितंबर 2026 तक होने वाली परीक्षाओं व साक्षात्कार का कैलेंडर अभ्यर्थियों के लिए जारी कर दिया है। इसके तहत दो बड़ी भर्ती की लिखित परीक्षा अगस्त में प्रस्तावित की गई है। इसमें प्राविधिक सहायक ग्रुप सी व सम्मिलित अवर अधीनस्थ की लिखित परीक्षा शामिल है।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति के अनुसार प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 2759 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा नौ अगस्त को प्रस्तावित की गई है। वहीं सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा के 2516 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा 23 अगस्त को प्रस्तावित की गई है। इसी तरह सहायक सांख्यिकी अधिकारी व सहायक शोध अधिकारी के 1565 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा 26 जुलाई को प्रस्तावित की गई है।
इसी क्रम में वन रक्षक व वन्य जीव रक्षक के 728 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा 27 सितंबर को प्रस्तावित की गई है। आबकारी सिपाही के 722 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 20 सितंबर को प्रस्तावित है। फार्मासिस्ट के 564 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा 29 जून को, सहायक बोरिंग तकनीशियन के 402 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा 12 जुलाई को, बीसीजी तकनीशियन के 255 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा 30 जून को प्रस्तावित की गई है।