{"_id":"60be465b8ebc3e9a235966e0","slug":"up-special-campaign-will-be-run-from-14-for-rickshaw-and-three-wheeler-drivers-cartwheelers-milk-vendors-shopkeepers","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी : रिक्शा व थ्री व्हीलर चालकों, ठेला-खोमचे वाले, दूध विक्रेताओं, दुकानदारों के लिए 14 से चलेगा विशेष अभियान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी : रिक्शा व थ्री व्हीलर चालकों, ठेला-खोमचे वाले, दूध विक्रेताओं, दुकानदारों के लिए 14 से चलेगा विशेष अभियान
Mon, 07 Jun 2021 09:46 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Mon, 07 Jun 2021 09:46 PM IST
सार
दिन-प्रतिदिन के कार्य के लिए आम जनता के सर्वाधिक सीधे संपर्क में आने वाले कामगारों, रिक्शा, ई-रिक्शा व थ्री व्हीलर चालकों, दूध विक्रेताओं, ठेला, खोमचे वाले दुकानदारों के कोरोना टीकाकरण का विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
cm yogi
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता के सीधे संपर्क में आने वाले कामगारों को विशेष अभियान चलाकर टीका लगाने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ग के लिए 14 जून से विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन के कार्य के लिए आम जनता के सर्वाधिक सीधे संपर्क में आने वाले कामगारों, रिक्शा, ई-रिक्शा व थ्री व्हीलर चालकों, दूध विक्रेताओं, ठेला, खोमचे वाले दुकानदारों के कोरोना टीकाकरण का विशेष प्रबंध किया जाए।
विज्ञापन
सीएम ने टीम-9 के साथ हुई बैठक में कहा कि सभी जिलों में सोमवार से महिला स्पेशल कोरोना वैक्सीनेशन बूथ शुरू किए गए हैं। अगले सोमवार से कामगारों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की दूसरी डोज न लेने वाले हेल्थ वर्कर्स और कोरोना वॉरियर्स को दूसरी डोज लेने के लिए प्रेरित किया जाए जिससे संक्रमण से उनकी पूरी तरह से सुरक्षा हो सके। सीएम ने कहा कि बड़े औद्योगिक संस्थानों ने अपने कर्मियों का कोरोना टीकाकरण स्वयं के संसाधनों से कराने के साथ ही, आम जनता के लिए निशुल्क वैक्सीनेशन बूथ संचालित करने की इच्छा प्रकट की है। इसके लिए केंद्र सरकार की अनुमति मिलने के बाद इस कार्यक्रम को आगे बढ़ानेे का प्रयास किया जाए जिससे राज्य सरकार सभी प्रदेशवासियों को जल्द से जल्द टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त कर सके।
विज्ञापन
ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट नीति जारी रखें
योगी ने ‘ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट’ नीति को प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए। कहा, एक संक्रमित के कम से 12 से 15 संपर्क में आने वालों की जांच की जाए। निगरानी समितियों के माध्यम से स्क्रीनिंग के बाद लक्षण युक्त और संदिग्ध संक्रमित लोगों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराने की व्यवस्था को जारी रखा जाए। निगरानी समितियों के पास पर्याप्त संख्या में मेडिसिन किट उपलब्ध रहे। ब्लैक फंगस के मरीजों के इलाज के लिए सभी जिलों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रहे।
विज्ञापन
कार्यालय प्रबंधन से चिकित्सकों को हटाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सोमवार को भी कार्यालय प्रबंधन में लगे डॉक्टरों को अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी पर तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का प्राथमिक कार्य आमजन को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सामुदायिक, प्राथमिक, उप स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के सुदृढ़ीकरण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम ने एएलएस, 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं सुचारु ढंग से चलाने के निर्देश दिए। साथ ही इस्तेमाल योग्य न रह गई एंबुलेंस को आवश्यकतानुसार बदलने के भी कहा।