{"_id":"6a6f79d56f529011c60d4345","slug":"up-sp-booth-president-brutally-murdered-in-rae-bareli-attacked-while-working-in-the-fields-stabbed-with-a-2026-08-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: रायबरेली में सपा बूथ अध्यक्ष की नृशंस हत्या, खेत में काम करने के दौरान हमला; कुल्हाड़ी से किए वार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: रायबरेली में सपा बूथ अध्यक्ष की नृशंस हत्या, खेत में काम करने के दौरान हमला; कुल्हाड़ी से किए वार
Sun, 02 Aug 2026 10:39 PM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Sun, 02 Aug 2026 10:39 PM IST
सार
Murder in Raebareli: रायबरेली जिले के सलोन इलाके के सपा के बूथ अध्यक्ष शशिधर यादव (45) पुत्र स्व.बुद्वीलाल की रविवार को बेरहमी से हत्या कर दी गई।
विज्ञापन
रायबरेली में सपा नेता की हत्या।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
रायबरेली जिले के सलोन सोनबरसा गांव निवासी व सपा के बूथ अध्यक्ष शशिधर यादव (45) पुत्र स्व.बुद्वीलाल की रविवार को बेरहमी से हत्या कर दी गई। कुल्हाड़ी से एक के बाद एक कई वार किए गए। इससे शशिधर के सिर के पीछे, आंख के पास चोट के निशान पाए गए। वारदात की कोई वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। एएसपी आलोक सिंह और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। गांव निवासी शशिधर खेती करते थे। दोपहर दो बजे पशुओं के लिए चारा काटने खेत गए थे। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। शाम चार बजे गांव के लोग खेत की तरफ गए तो शशिधर की हत्या की जानकारी हुई।
विज्ञापन
ग्रामीणों के साथ परिजन मौके पर आ गए। शव के पास ही कुल्हाड़ी पड़ी थी। साथ ही घटनास्थल से चंद कदम दूरी पर साइकिल पड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बड़ी बेरहमी से घटना को अंजाम दिया गया। सिर के पीछे, आंख के पास समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि वारदात में दो से तीन लोग शामिल थे, जिन्होंने एक के बाद एक कई वार किए। एएसपी आलोक सिंह, सीओ सलोन यादुवेंद्र बहादुर पाल ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी की। किसान की हत्या से पत्नी प्रेमलता, बेटे अनुज यादव (21), बेटी सारिका यादव (17) के आंसू नहीं थम रहे हैं। पत्नी ने बताया कि गांव में उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। जमीन तक का कोई विवाद नहीं है। पता नहीं उनके पति की किसने हत्या कर दी। सीओ ने बताया कि मृतक किसान के जेब से मोबाइल भी कब्जे में लिया गया है। घटना के पहले किन-किन लोगों से शशिधर ने बातचीत की थी, इस बारे में पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी। सपा जिलाध्यक्ष इ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि शशिधर यादव सपा के बूथ अध्यक्ष थे। उनकी हत्या से पार्टी को क्षति हुई है।
विज्ञापन
हत्या की दो वारदातों से सलोन में दहशत
हत्या की दो घटनाओं से सलोन इलाके में दहशत है। साथ ही कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। शनिवार रात रग्घूपुर गांव निवासी शिवकेश उर्फ गुड्डन पासी (40) की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। इस मामले की जांच पूरी नहीं हो पाई कि रविवार को दोपहर दिनदहाड़े किसान शशिधर यादव की हत्या कर दी गई। इससे जाहिर है कि अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। पुलिस का खौफ उनमें नहीं है। दो हत्याओं से लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन
पुलिस ने दिया घटना पर बयान
सोनबरसा गांव निवासी शशिधर यादव की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की गई है। वारदात की कोई वजह अब तक सामने नहीं आई है।घटना के खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा एसओजी टीम को लगाया गया है। जल्द घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।- आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक