यूपी: मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों को बांटे गए विभाग, देखें-किसे क्या मिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम अखिलेश में शामिल किए गए नए मंत्रियों को बुधवार को विभाग आवंटित कर दिए गए। बलराम यादव को फिर से माध्यमिक शिक्षा मंत्री बनाया गया है जबकि नारद राय को अपेक्षाकृत महत्वहीन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का मंत्री बनाया गया है।
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शारदा प्रताप शुक्ला को उच्च शिक्षा और रविदास मेहरोत्रा को परिवार कल्याण एवं मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग की कमान सौंपी गई है।
वहीं, रेशम एवं वस्त्रोद्योग मंत्री महबूब अली और वाह्य सहायतित परियोजनाएं, समग्र ग्राम विकास, खेलकूद व युवा कल्याण मंत्री राम करन आर्य को अतिरिक्त प्रभार देकर इनका कद बढ़ाया गया है।
राज्यपाल राम नाईक ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्ताव पर नए मंत्रियों को विभाग बांट दिए।
बलराम व नारद की हुई दोबारा इंट्री
इस विस्तार में दो बर्खास्त मंत्रियों बलराम यादव व नारद राय की कैबिनेट में दोबारा एंट्री हुई है। मनोज कुमार पांडेय का विभाग नारद राय को आवंटित किया गया है। इससे पहले नारद अखिलेश मंत्रिमंडल में खेल मंत्री रह चुके हैं।
वहीं, महबूब अली को अर्थ एवं कौशल विकास विभाग और राम करन आर्य को आबकारी विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
अब तक उच्च शिक्षा, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग, अर्थ एवं संख्या, व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग अभी तक मुख्यमंत्री के पास था।
मुख्यमंत्री ने 27 जून को अपने मंत्रिमंडल के सातवें विस्तार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मनोज कुमार पांडेय को बर्खास्त करते हुए पांच नए मंत्रियों को टीम में शामिल किया था।