{"_id":"6a413690089395df740b4d6d","slug":"up-result-of-written-exam-for-home-guard-recruitment-released-dv-pst-exam-to-be-held-in-all-districts-after-2026-06-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी, सभी जिलों में 15 दिन बाद आयोजित होगी डीवी-पीएसटी परीक्षा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी, सभी जिलों में 15 दिन बाद आयोजित होगी डीवी-पीएसटी परीक्षा
Sun, 28 Jun 2026 08:28 PM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Sun, 28 Jun 2026 08:28 PM IST
सार
UP Home Guard Recruitment: होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक छह पालियों में आयोजित की गई थी। भर्ती बोर्ड ने बताया कि डीवी-पीएसटी की तिथि जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
विज्ञापन
होमगार्ड भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी।
- फोटो : shiv tripathi
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) ने प्रदेश में 41,424 होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम रविवार को घोषित कर दिया। भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के तहत कुल रिक्तियों के सापेक्ष 2.6 गुना यानी 1,07,221 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (डीवी) और शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) आयोजित होगी और उसमें सफल अभ्यर्थियों का अंतिम चयन परिणाम जारी किया जाएगा।
विज्ञापन
होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक छह पालियों में आयोजित की गई थी। भर्ती बोर्ड ने बताया कि डीवी-पीएसटी की तिथि जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इसकी प्रक्रिया शुरू होने में लगभग 15 दिन लग सकते हैं। भर्ती बोर्ड ने लिखित परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी भी जारी कर दी है। अपर सचिव (भर्ती) सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के अनुसार, सभी छह पालियों के प्रश्नपत्र और प्रारंभिक उत्तर कुंजी 7 से 10 मई तक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर उपलब्ध कराकर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी गई थीं। विषय विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण के बाद दो प्रश्नों पर प्राप्त आपत्तियां सही पाई गईं, जिसके आधार पर अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की गई।
विज्ञापन
अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और प्रश्न पुस्तिका क्रमांक दर्ज कर 4 जुलाई तक अंतिम उत्तर कुंजी देख सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई उत्तर कुंजी अंतिम होगी और इसके बाद प्रश्नों, उत्तर विकल्पों अथवा उत्तर कुंजी पर किसी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
एसआई भर्ती : गोरखपुर की जगह लखनऊ में होगी दौड़
प्रदेश पुलिस में 4,543 उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) का गोरखपुर केंद्र बदल दिया गया है। बारिश के कारण गोरखपुर स्थित पीएसी की 26वीं वाहिनी के स्थान पर अब यह परीक्षा 1 से 3 जुलाई तक लखनऊ स्थित पीएसी की 35वीं वाहिनी में होगी। तीन जुलाई को रिजर्व डे रखा गया है। अभ्यर्थी संशोधित प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। भर्ती बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा से संबंधित सभी सूचनाएं केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी की जाएंगी।