शिवा शर्मा हत्याकांड: नागपुर से गिरफ्तार श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को लेकर लखनऊ पहुंची पुलिस
मॉडल श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और उनके ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को पुलिस लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली लेकर पहुंची। तीनों को कोतवाली लाए जाने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विस्तार
कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में नागपुर से गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को पुलिस बुधवार को लेकर लखनऊ पहुंची। तीनों को हजरतगंज कोतवाली लाया गया।
जहां उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।
मेडिकल जांच के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोतवाली में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। बता दें कि पुलिस, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को तीनों को गिरफ्तार किया गया था। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बुधवार को तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के लिए नागपुर कोर्ट में पेश किया। रिमांड मिलने के बाद पुलिस उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हुई थी। कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हजरतगंज थाने में श्रद्धा, रश्मि, दानिश, आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
नागपुर के अपार्टमेंट में दी थी दबिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था। उनकी लगातार बदलती लोकेशन के कारण गिरफ्तारी चुनौती बन गई थी। इसके बाद तलाश में यूपी एसटीएफ को भी लगाया गया। सोमवार रात आरोपियों की लोकेशन नागपुर की तरफ मिलने पर टीमें वहां रवाना हुईं थी।
दस दिनों तक पुलिस को देती रही चकमा
पुलिस के अनुसार, श्रद्धा अपनी बहन और ड्राइवर के साथ करीब 2,200 किलोमीटर का सफर तय कर कई होटलों और लॉज में ठहरी थी। बताया गया है कि पुलिस की टीम किसी ठिकाने पर पहुंचती, उससे कुछ घंटे पहले ही तीनों वहां से निकल जाते थे। पुलिस को ऐसे कई ठिकानों की जानकारी मिली, जहां आरोपियों के पहुंचने और निकलने के बाद टीमें तलाश में पहुंचीं।
शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा, रश्मि और दानिश के नेपाल भागने की आशंका भी जताई गई थी। पुलिस की पड़ताल में उनकी गाड़ी के सीतापुर-लखीमपुर मार्ग से बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर तक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा नेपाल के बुटवल में भी एक होटल में ठहरी थी।
कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड : कब क्या-क्या हुआ
9 अक्तूबर : हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
10 अक्तूबर : शिवा की मां रंजना शर्मा की शिकायत पर हजरतगंज थाने में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक तनवीर अली उर्फ दानिश, आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
10 अक्तूबर : पुलिस की पड़ताल में श्रद्धा और उसके साथियों की गाड़ी के सीतापुर-लखीमपुर मार्ग से बहराइच के रुपईडीहा पहुंचने की जानकारी सामने आई। उनकी आखिरी लोकेशन सुबह करीब 6:20 बजे भारत-नेपाल सीमा के पास मिली थी। इसके बाद उनके नेपाल भागने की आशंका जताई गई।
13 अक्तूबर : डीसीपी मध्य ने तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। पुलिस को बहराइच के रुपईडीहा इलाके में श्रद्धा की एसयूवी पार्किंग में खड़ी मिली।
15 अक्तूबर : सोशल मीडिया पर श्रद्धा के वीडियो सामने आए। उसने शिवा की मौत को आत्महत्या बताते हुए खुद को निर्दोष बताया। एक अन्य वीडियो में शिवा के कर्ज और जेवर ले जाने के दावे भी सामने आए।
16 अक्तूबर : पुलिस ने श्रद्धा और अन्य आरोपियों की तलाश में नेपाल पुलिस से मदद मांगी।
17 अक्तूबर : श्रद्धा दुबे, रश्मि और तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया। उसी दिन हजरतगंज के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया।
18 अक्तूबर : पुलिस ने फरार चालक दानिश के परिजनों से पूछताछ की। आरोपियों पर इनाम की राशि 25-25 हजार से बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी गई। उसी दिन डीसीपी मध्य विक्रांत वीर को पद से हटा दिया गया।
19 अक्तूबर : श्रद्धा की तलाश में पुलिस टीम रायबरेली स्थित उसके घर पहुंची और उसके पिता एसपी दुबे व सौतेली मां से पूछताछ की। श्रद्धा की गिरफ्तारी न होने पर एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा को भी पद से हटा दिया गया।
20 अक्तूबर : लखनऊ पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर नागपुर से श्रद्धा, रश्मि और चालक दानिश को गिरफ्तार किया।
21 अक्तूबर : श्रद्धा, रश्मि और चालक दानिश को नागपुर कोर्ट में पेश किया गया। ट्रांजिट रिमांड मिलने पर हजरतगंज पुलिस तीनों कोे लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुई।
21 अक्तूबर : श्रद्धा का मित्र व मैनेजर नामजद आरोपी आदिल को भी यूपी एसटीएफ ने बुधवार दोपहर गिरफ्तार किया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.