{"_id":"6586865a993277c6fd0f3843","slug":"up-pavalion-on-world-economic-forum-in-davos-2023-12-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP: दावोस में पहली बार प्रदर्शित होगी यूपी पैवेलियन, मंत्री बोले- एक ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था बनाने में दिशा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: दावोस में पहली बार प्रदर्शित होगी यूपी पैवेलियन, मंत्री बोले- एक ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था बनाने में दिशा
Sat, 23 Dec 2023 12:33 PM IST
ishwar ashish
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Sat, 23 Dec 2023 12:33 PM IST
सार
दावोस में विश्व आर्थिक मंच के सम्मेलन में पहली बार उत्तर प्रदेश पैवेलियन प्रदर्शित होगी। इस सम्मेलन में यूपी के निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के अलावा वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह शामिल होंगे।
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा है कि दावोस में विश्व आर्थिक मंच के सम्मेलन से उत्तर प्रदेश में एक ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करने के लिए दिशा मिलेगी। उत्तर प्रदेश पहली बार विश्व आर्थिक मंच के सम्मेलन में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि दावोस में पहली बार उत्तर प्रदेश पैवेलियन प्रदर्शित किया जा रहा है जिससे पूरी दुनिया के लोग यहां के औद्योगिक विकास और संस्कृति की झलक से रूबरू हो सकेंगे। इसके जरिये दुनिया भर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
नंदी ने शुक्रवार को पिकप भवन में दावोस (स्विटजरलैंड) में 14 से 20 जनवरी 2024 तक होने वाली विश्व आर्थिक मंच की बैठक के लिए तैयारियों की समीक्षा की। विश्व आर्थिक मंच की बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल शिरकत करेगा। प्रतिनिधिमंडल में नंदी के अलावा वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह शामिल हैं। उत्तर प्रदेश सरकार का प्रतिनिधिमंडल 14 जनवरी को दावोस पहुंचेगा।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - 30 को प्रधानमंत्री आएंगे अयोध्या: एयरपोर्ट से अयोध्या रेलवे स्टेशन तक रोड शो करेंगे पीएम मोदी, होगी बड़ी जनसभा
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - यूपी: सीएम योगी से मिले ओमप्रकाश राजभर, राजभर जाति को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने पर चर्चा
नंदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को 2027 तक एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए यह एक अच्छा एवं उपयुक्त मंच साबित होगा। इसमें पहली बार उत्तर प्रदेश का स्टेट पैवेलियन प्रदर्शित किया जाएगा। हमारा मकसद वैश्विक सीईओ और अन्य बड़े निवेशकों के सामने उत्तर प्रदेश को एक आकर्षक निवेश स्थल के रूप में प्रस्तुत करना है ताकि दुनिया भर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित किया जा सके।
नंदी ने निर्देश दिए कि राज्य सरकार के पैवेलियन में उत्तर प्रदेश के कारोबारी माहौल व यहां की संस्कृति दोनों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और कारोबारी सहूलियतों के लिए लागू की गई नीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पैवेलियन में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) का सुंदर ढंग से प्रस्तुतिकरण किया जाना चाहिए ताकि पैवेलियन में आने वाले लोगों को सुखद अनुभूति हो। ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं जिससे पैवेलियन में आने वाले वैश्विक सीईओ और अन्य प्रमुख लोगों के बीच उत्तर प्रदेश की अच्छी छवि बने। बैठक में प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अनिल सागर व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) एक स्वतंत्र अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जो पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था का एजेंडा निर्धारित करता है। विश्व आर्थिक मंच वैश्विक, क्षेत्रीय और उद्योग एजेंडा को आकार देने के लिए व्यापार, तकनीकी, राजनीतिक, शैक्षणिक और समाज के अन्य नेताओं को शामिल करता है। दावोस सम्मेलन में 1000 से अधिक वैश्विक सीईओ, उद्योगों के नेतृत्वकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ, राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष शिरकत करेंगे। भारत सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, हरदीप सिंह पुरी और श्री अश्वनी वैष्णव विश्व आर्थिक मंच की बैठक में शामिल होंगे।